वॉशिंगटन : एक शीर्ष अमेरिकी सीनेटर ने कहा है कि भारत अमेरिका रणनीतिक वार्ता का अगला दौर इस साल नई दिल्ली में होना चाहिए ताकि भारत में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली नई सरकार के प्रति एक बेहतर सद्भावना संदेश जाए.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भारत अमेरिका रणनीतिक वार्ता का अगला दौर इस साल वॉशिंगटन में होना है. सीनेटर मार्क वार्नर ने कल वाशिंगटन में कहा (भारत अमेरिका रणनीतिक) वार्ता (नयी दिल्ली में) अमेरिकी सरकार को भारत की नयी सरकार के साथ बातचीत का एक शुरुआती अवसर प्रदान करेगी.
रणनीतिक वार्ता की शुरुआत पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी रोधम क्लिंटन ने की थी. हर साल इस वार्ता के दौर क्रमश: भारत और अमेरिका में एक के बाद एक संपन्न होते हैं. पिछले साल यह वार्ता नयी दिल्ली में हुई थी जिसके लिए अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी भारत गए थे. इस साल यह रणनीतिक वार्ता वॉशिंगटन में होनी है.