मालदा में ममता पर बरसे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ- राम के बगैर भारत में नहीं होता कोई काम, रामद्रोही का बंगाल की जनता करेगी काम तमाम

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मालदा की भूमि से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा हमला किया. कहा कि भारत में राम के नाम के बगैर कोई काम नहीं होता. राम से बैर रखने वाले रामद्रोहियों का बंगाल की जनता इस बार चुनाव में काम तमाम कर देगी.
मालदा : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मालदा की भूमि से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा हमला किया. कहा कि भारत में राम के नाम के बगैर कोई काम नहीं होता. राम से बैर रखने वाले रामद्रोहियों का बंगाल की जनता इस बार चुनाव में काम तमाम कर देगी.
बंगाल चुनाव की अपनी पहली ही रैली में योगी आदित्यनाथ ने जय श्रीराम का नारा सुनकर भड़क जाने वाली मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस को आड़े हाथ लिया. उन्होंने कहा कि राम भक्तों पर गोली चलाने वालों का हश्र उत्तर प्रदेश में हमने देखा है. आज वे किस स्थिति में हैं, यह किसी से छिपी नहीं है.
योगी ने कहा कि भारत की जनता राम नाम के बगैर कोई काम नहीं करती. लोग आपस में मिलते हैं, तो राम-राम कहते हैं. घर में कोई काम हो, तो राम नाम का जप करते हैं. जब किसी प्रियजन की अंतिम यात्रा भी निकलती है, तो राम नाम सत्य के साथ ही निकलती है. राम के बिना कोई काम नहीं और जो रामद्रोही हैं उनका बंगाल में कोई काम नहीं.
योगी आदित्यनाथ ने टीएमसी से पूछा कि रामभक्तों पर रहम नहीं करते, लेकिन बंगाल में अराजकता पैदा करने वालों के साथ उनकी कौन-सी दोस्ती और कौन-सा गठबंधन है, जिसकी वजह से बंगाल की पूरी की पूरी व्यवस्था को बदलने पर उतारू है. बंगाल की धरती से ये आत्मघाती कदम क्यों उठाया जा रहा है.
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के प्रताड़ित हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, ईसाइयों को सुरक्षित ठिकाना देने के लिए कानून बनाकर भारत में लागू करते हैं, तो बंगाल में हिंसा शुरू हो जाती है. ये सत्ता प्रायोजित हिंसा क्यों? पीड़ित और प्रताड़ित लोगों को शरण देने की बात की जाती है, तो यहां की सरकार विरोध करती है. जब घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई होती है, तो यहां की सरकार बौखला जाती है. ये कौन सी राजनीति है?
Posted By : Mithilesh Jha
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




