खौफ में पाकिस्तान : NSC की बैठक में बोले इमरान - ट्रंप कश्मीर मामले में करें मध्यस्थता

Updated at : 04 Aug 2019 8:13 PM (IST)
विज्ञापन
खौफ में पाकिस्तान : NSC की बैठक में बोले इमरान - ट्रंप कश्मीर मामले में करें मध्यस्थता

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने भारत के साथ अचानक बढ़े तनाव के मद्देनजर रविवार को देश के शीर्ष नौकरशाहों और सैन्य अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा पर चर्चा के लिए एनएससी की बैठक की अध्यक्षता की. इमरान ने राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (एनएससी) की यह बैठक सेना के उन आरोपों के बाद बुलायी […]

विज्ञापन

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने भारत के साथ अचानक बढ़े तनाव के मद्देनजर रविवार को देश के शीर्ष नौकरशाहों और सैन्य अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा पर चर्चा के लिए एनएससी की बैठक की अध्यक्षता की.

इमरान ने राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (एनएससी) की यह बैठक सेना के उन आरोपों के बाद बुलायी कि भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आम लोगों को निशाना बनाकर क्लस्टर बमों का इस्तेमाल किया. हालांकि, भारतीय सेना ने शनिवार को इन आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताते हुए खारिज कर दिया था. एनएससी की बैठक में रक्षा मंत्री परवेज खत्ताक, विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी, सेना प्रमुख जनरल कमर बाजवा और अन्य शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे. इमरान ने सिलसिलेवार ट्वीट करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कश्मीर मामले में मध्यस्थता करें. पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने लिखा, राष्ट्रपति ट्रंप ने कश्मीर मामले में मध्यस्थता की पेशकश की. अब ऐसा करने का समय आ गया है क्योंकि वहां हालात खराब हो रहे हैं और नियंत्रण रेखा पर भारतीय सेना नये आक्रामक कदम उठा रही है. उन्होंने कहा कि यह क्षेत्रीय संकट को हवा देने वाले कदम हैं.

खान ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के अनुसार, कश्मीर के लोगों को आत्मनिर्णय के उनके अधिकार का उपयोग करने दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा, दक्षिण एशिया में शांति और सुरक्षा का एकमात्र रास्ता कश्मीर समस्या के शांतिपूर्ण और न्यायपूर्ण समाधान से होकर गुजरता है. उन्होंने आरोप लगाया कि भारत ने क्लस्टर बमों का इस्तेमाल किया. इमरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से इस पर ध्यान देने के लिए कहा.

सूचना एवं प्रसारण के मामले में प्रधानमंत्री की विशेष सहायक डॉ फिरदौस आशिक अवान ने कहा कि पाकिस्तान के राजनीतिक नेतृत्व को एक ही मंच पर आकर ‘एकता एवं एकजुटता का संदेश’ देना चाहिए. इस बीच, विदेशमंत्री शाह महमूद कुरैशी ने इस्लामिक सहयोग संगठन के महासचिव डॉ युसूफ अहमद अल-उसेमीन से कश्मीर मुद्दे पर संज्ञान लेने का अनुरोध किया है. यह जानकारी रेडियो पाकिस्तान ने अपनी रिपोर्ट में दी.

गौरतलब है सीमा पर पाकिस्तानी घुसपैठ के बाद भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने राष्ट्रीय सुरक्षा कमिटी की बैठक बुलायी है. बता दें कि शनिवार को पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी के जवाब में भारतीय सेना ने कार्रवाई करते हुए सीमा पार करने की कोशिश कर रहे बैझटकेसात जवानों को ढेर कर दिया था. पाकिस्तान ने भारत पर आरोप लगाया है कि उसने नीलम घाटी में गोलीबारी की जिसमें कई लोग घायल हो गये और सिविलियन मारे गये. पाक ने भारत पर क्लस्टर बमों के इस्तेमाल का आरोप लगाया है.

जवाबी कार्रवाई के भारत ने इसकी तस्वीर भी जारी की थी. भारतीय सेना ने पाकिस्तान से कहा कि सफेद झंडा लेकर आयें और अपने शव ले जायें. हालांकि पाकिस्तान ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. इन दिनों कश्मीर के हालात को लेकर भी चर्चा गर्म है. कश्मीर घाटी में सेना और एयरफोर्स को अलर्ट पर रखे जाने के आदेश के बाद तरह-तरह के कयास लगाये जा रहे हैं. हालांकि सेना और अधिकारियों का कहना है कि कुछ आतंकी पाकिस्तान से कश्मीर में घुसपैठ की फिराक में हैं इसीलिए सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola