ePaper

उत्तर कोरियाई तानाशाह किम जोंग उन से मुलाकात के लिए डोनाल्ड ट्रंप तैयार, हो रही आलोचना

Updated at : 09 Mar 2018 10:32 PM (IST)
विज्ञापन
उत्तर कोरियाई तानाशाह किम जोंग उन से मुलाकात के लिए डोनाल्ड ट्रंप तैयार, हो रही आलोचना

वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि वह उत्तर कोरिया के शीर्ष नेता किम जोंग उन के साथ बैठक करने पर सहमत हो गये हैं. इसके साथ ही दोनों नेताओं के बीच ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन का मंच तैयार हो गया है. प्योंगयांग के परमाणु एवं मिसाइल कार्यक्रम से बढ़ते तनाव के […]

विज्ञापन

वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि वह उत्तर कोरिया के शीर्ष नेता किम जोंग उन के साथ बैठक करने पर सहमत हो गये हैं. इसके साथ ही दोनों नेताओं के बीच ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन का मंच तैयार हो गया है. प्योंगयांग के परमाणु एवं मिसाइल कार्यक्रम से बढ़ते तनाव के बीच ट्रंप और किम अब तक बार- बार एक-दूसरे को नीचा दिखाने वाले बयान देते आ रहे थे.

हालांकि ट्रंप के इस फैसले से अमेरिका के विपक्षी नेता खासा नाराज हैं और इस फैसले की आलोचना कर रहे हैं. दक्षिण कोरिया के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार चुंग एउई योंग ने ट्रंप को ब्रीफ करने के बाद व्हाइट हाउस के बाहर कहा कि उन्होंने यह संदेश दिया कि उत्तर कोरियाई शासक किम ने ‘परमाणु निरस्त्रीकरण के प्रति कटिबद्धता जतायी है’ तथा ‘संकल्प किया है कि उत्तर कोरिया आगे और कोई परमाणु या मिसाइल परीक्षण नहीं करेगा.’

व्हाइट हाउस की प्रवक्ता साराह सैंडर्स ने कहा कि ट्रंप प्रस्तावित आमने-सामने की बैठक के लिए सहमत हुए. ‘वह तय किये जाने वाले स्थान और समय पर किम जोंग उन से मिलने का आमंत्रण स्वीकार करेंगे.’ दोनों देशों के बीच महीनों तक चले तनाव के बीच यह घोषणा सामने आयी. यदि बैठक होती है तो दोनों देशों के नेताओं के बीच यह पहली बैठक होगी.

ट्रंप ने खुद भी एक ट्वीट के जरिए इस बारे में पुष्टि की और कहा कि परमाणु निरस्त्रीकरण समझौता हासिल होने तक अमेरिकी प्रतिबंध जारी रहेंगे. उन्होंने ट्वीट किया, ‘किम जोंग उन ने दक्षिण कोरियाई प्रतिनिधियों के साथ परमाणु निरस्त्रीकरण पर चर्चा की. इसके अलावा इस बारे में भी बात हुई कि इस अवधि में उत्तर कोरिया कोई मिसाइल परीक्षण नहीं करेगा. बड़ी प्रगति हो रही है, लेकिन किसी समझौते पर पहुंचने तक प्रतिबंध जारी रहेंगे. बैठक की योजना बनायी जा रही है.’

उत्तर कोरिया ने पिछले साल अपने मिसाइल कार्यक्रम की गति तेज कर दी थी. गत 29 नवंबर को उत्तर कोरियाई नेता ने कहा था कि प्योंगयोंग ने पूर्ण परमाणु क्षमता हासिल कर ली है तथा अमेरिका में कहीं भी मार करने की क्षमता से लैस नयी मिसाइल का परीक्षण सफल रहा है. अमेरिका और उत्तर कोरिया ने हाल में एक-दूसरे को धरती से मिटा देने की धमकी दी थी.

किम से मिलने के ट्रंप के फैसले को एक उल्लेखनीय कदम के रूप में देखा जा रहा है. दक्षिण कोरिया के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार चुंग एउई योंग ने इस हफ्ते उत्तर कोरिया के नेताओं से मिलने गये अपने देश के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था. उन्होंने इस बातचीत के बारे में ट्रंप और उनकी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम को जानकारी दी. चुंग ने बयान पढ़ते हुए कहा कि उत्तर कोरियाई नेता ने राष्ट्रपति ट्रंप से जल्द से जल्द मिलने की इच्छा जतायी है.

उन्होंने उत्तर कोरिया के रुख में आये बदलाव का कारण ट्रंप के नेतृत्व और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता के साथ अधिकतम दबाव की उनकी नीति को बताया. उत्तर कोरियाई नेता के साथ अपनी बैठक में चुंग ने कहा कि ट्रंप कोरिया प्रायद्वीप का परमाणु निरस्त्रीकरण करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. चुंग ने कहा, ‘किम ने प्रतिबद्धता जतायी कि उत्तर कोरिया आगे किसी परमाणु या मिसाइल परीक्षण से बचेगा. वह समझते हैं कि कोरिया गणराज्य (दक्षिण कोरिया) और अमेरिका के बीच नियमित सैन्य अभ्यास जारी रहने चाहिए. उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप से जल्द से जल्द मिलने की इच्छा जतायी.’

वहीं, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जाए इन ने ट्रंप और किम की संभावित मुलाकात से जुड़े घटनाक्रम की सराहना की और इसे ‘ऐतिहासिक मील का पत्थर’ बताया. प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ट्रंप कुछ महीनों में उत्तर कोरियाई नेता से मिल सकते हैं. व्हाइट हाउस ने कहा कि इस बीच, ट्रंप ने जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे से भी बात की और परमाणु निरस्त्रीकरण पर उत्तर कोरिया द्वारा ठोस कदम उठाये जाने तक उस पर दबाव बनाये रखने पर सहमति जतायी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola