West Bengal Breaking News : राजभवन से कई निजी शिक्षण संस्थानों के खिलाफ वित्तीय अनियमितता का लगा आरोप
West Bengal Breaking News Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
नाका चेकिंग के दौरान 65 किलो गांजा जब्त, एक गिरफ्तार
हावड़ा के चटर्जीहाट थाना अंतर्गत बेलेपोल क्रॉसिंग के पास नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक गाड़ी से 65 किलो गांजा जब्त कर एक युवक को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी से पूछताछ की जा रही है. बताया जा रहा है कि युवक ओडिशा से गांजा लेकर कोलकाता जा रहा था.जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह पुलिस को खबर मिली कि ओडिशा से एक गाड़ी गांजा लेकर कोलकाता की ओर जाने वाली है. खबर मिलते ही सेकेंड हुगली ब्रिज से कोना एक्सप्रेसवे तक नाका चेकिंग शुरू कर दी गयी और वहां से गुजरने वाली गाड़ियों की तलाशी शुरू हुई. इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस ने कोलकाता जा रही एक कार को बेलेपोल के पास रोका और तलाशी लेने पर गाड़ी से तीन बोरा गांजा बरामद किया गया. इसके बाद पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर युवक को गिरफ्तार कर लिया. उल्लेखनीय है कि गुरुवार शाम को नारकोटिक्स सेल ने डोमजूर थाना अंतर्गत सरस्वती ब्रिज के पास एक कार से 164.530 किलोग्राम गांजा जब्त कर दो युवकों को गिरफ्तार किया था.ये दोनों भी ओड़िशा से गांजा ला रहे थे.
युवक का फंदे से झूलता शव बरामद
बीरभूम जिले के नलहाटी थाना इलाके के पहाड़ी ग्राम के 13 नंबर वार्ड में शुक्रवार सुबह एक युवक का फंदे से झूलता शव पाया गया. पुलिस ने सूचना के बाद मौके वारदात पर पहुंच कर शव को बरामद कर पोस्टमार्डम के लिए रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने मृत युवक का नाम गोपी दास (28) बताया है. घटना से परिवार समेत गांव में मातम पसर गया है.
अज्ञात बदमाशों ने माकपा समर्थक के 43 बत्तखों को जहर देकर मारा
बीरभूम जिले के मल्लारपुर थाना के तलवा अंचल के लच्छीया तोड़ ग्राम में माकपा के एक समर्थक के घर में मौजूद 43 बत्तखों को अज्ञात बदमाशो ने जहर देकर मार दिया. शुक्रवार घटना के प्रकाश में आने के बाद पीड़ित शमशेर आलम ने स्थानीय थाने में शिकायत की है. शमशेर का कहना है कि इस घटना के पीछे तृणमूल समर्थित बदमाशों का हाथ है. उसने कहा कि उक्त बत्तखों के पालन से ही उसका परिवार चलता था. आरोप यह भी है की इस बार पंचायत चुनाव में उसकी रिश्तेदार रूबिता बीबी पंचायत चुनाव में माकपा उम्मीदवार के रूप में खड़ी थी. संभावना जतायी जा रही है कि इसी से नाराज बदमाशों ने इस हरकत को अंजाम दिया है. हालांकि स्थानीय तृणमूल के नेता ने इस घटना में तृणमूल के हाथ होने की बात को अस्वीकार किया है.
अवैध देशी शराब के साथ एक गिरफ्तार
बीरभूम जिले के बोलपुर थाना के मानिकुंड ग्राम में देशी अवैध शराब के साथ पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम बुधी हेंब्रम बताया गया है. पुलिस ने बताया की गुप्त सूचना के बाद गुरुवार रात में छापामारी अभियान चलाकर अवैध देशी शराब बनाकर बेचने के आरोप में उक्त आरोपी को गिरफ्तार किया गया. पकड़े गये व्यक्ति के पास से करीब 20 लीटर शराब जब्त कर उसे नष्ट कर दिया गया.
राजभवन से कई निजी शिक्षण संस्थानों के खिलाफ वित्तीय अनियमितता का लगा आरोप
राजभवन के भ्रष्टाचार निरोधक सेल ने कई निजी शिक्षण संस्थानों के खिलाफ वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है. शिकायत मिलने पर कार्यवाहक राज्यपाल ने निजी शिक्षण संस्थानों की मान्यता के नवीनीकरण पर रोक लगा दी है. सीवी आनंद बोस ने कहा, जांच के आदेश दे दिए गए हैं, पूरी रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी.
शुभेंदु अधिकारी को सुप्रीम कोर्ट से मिली बड़ी राहत
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता व भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कलकत्ता हाइकोर्ट के उस आदेश को को खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि अगर पश्चिम बंगाल पुलिस को इस बात का पूरा भरोसा है कि अपराध किया गया है, तो वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सकती है. शुक्रवार को मामले की सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि हाइकोर्ट के लिए यह उचित होगा कि वह अपने 20 जुलाई के आदेश में अंतरिम निर्देश जारी करने से पहले अधिकारी को मामले में जवाबी हलफनामा दायर करने का अवसर दे.
लेखक के बारे में
By Shinki Singh
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए