West Bengal Breaking news : निगम का खजाना खाली, सरकारी आयोजनों का खर्च उठाने में भी करना पड़ रहा संघर्ष
West Bengal Breaking news Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
प्रेमिका से नाराजगी के बाद प्रेमी ने वीडियो बना की आत्महत्या
पूर्व बर्दवान जिले के कालना थाना इलाके के सासपुर दिघीपाड़ इलाके में प्रेमिका से नाराजगी के बाद एक प्रेमी ने अपना फांसी लगाते हुए लाइव वीडियो भेज कर आत्महत्या कर लिया. इस घटना के प्रकाश में आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए कालना महकमा अस्पताल में भेज दिया है. पुलिस ने मृत युवक का नाम सुब्रत विश्वास (30) बताया है. परिवार का कहना है कि कोलकाता के करीब कांचरापाड़ा की एक युवती से सुब्रत का प्रेम प्रसंग चल रहा था. जल्द ही दोनों की शादी भी होने वाली थी. गत शनिवार को सुब्रत प्रेमिका के घर मिलने भी गया था. उसके बाद किसी बात को लेकर दोनों में अनबन हो गई. इसी नाराजगी के बाद सुब्रत ने प्रेमिका को फांसी लगाकर आत्महत्या करने से पहले वीडियो कॉल किया. उसे लाइव आत्महत्या भी दिखाया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
निगम का खजाना खाली, सरकारी आयोजनों का खर्च उठाने में भी करना पड़ रहा संघर्ष
कोलकाता नगर निगम का खजाना खाली है. ऐसे में सरकारी आयोजनों का खर्च उठाने में भी निगम को संघर्ष करना पड़ रहा है. 22 अगस्त को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नेताजी इंडोर स्टेडियम में पूजा समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगी. इस आयोजन में पिछले साल सरकारी खजाने से करीब 50 लाख रुपये खर्च किये गये थे. ऐसे में निगम ने पिछले साल हुए आयोजन खर्च को प्राप्त करने के लिए कई बार गृह विभाग को पत्र लिखा है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला है. इस बीच निगम के द्वारा ही यह आयोजन किया जायेगा. नगर निगम सूत्रों के मुताबिक बकाया भुगतान नहीं होने से मेयर फिरहाद हकीम नाराज हैं. उन्होंने विभाग के अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम का खर्च गृह विभाग द्वारा वहन किया जाना चाहिए. मेयर के निर्देशानुसार पिछले वर्ष के आयोजन के खर्च की पूरी फाइल फिर से नवान्न भेज दी गयी है. पिछले साल उस बैठक में भोजन और पंडाल पर 49 लाख 25 हजार 950 रुपये खर्च किये गये थे. भोजन पैकेट की आपूर्ति करने वाले डेकर्स लेन में एक कैटरिंग कंपनी के मालिक देवब्रत हालदार ने कहा, “पिछले साल के आयोजन के भोजन पैकेट के लिए लगभग नौ लाख रुपये अभी तक नहीं मिले हैं. इस संबंध में मुझसे 22 अगस्त के कार्यक्रम के लिए पैकेट उपलब्ध कराने को कहा गया है. लेकिन, अगर मुझे पिछले साल का बकाया नहीं मिला, तो मैं इस बार खाने के पैकेट की जिम्मेदारी नहीं लूंगा.’
सिंगूर में आमरण अनशन किया, छिपकर खाना हमारी आदत नहीं : ममता
राज्य सरकार द्वारा सोमवार को कन्याश्री दिवस मनाया जाता है. ममता बनर्जी ने कहा, बंगाल की लड़कियां दुनिया में सर्वश्रेष्ठ हैं. वे एक दिन बंगाल को सर्वोच्च पद पर पहुंचाएंगी. बंगाल को कोई नहीं रोक सकता. मैं सिंगुर में भूख हड़ताल पर थी, छिपकर खाना हमारी आदत नहीं.
कह रही बंगाल की जनता, प्रधानमंत्री पद पर विराजें ममता : फिरहाद हकीम
अगले वर्ष लोकसभा चुनाव होने वाला है. इसके लिए भाजपा समेत अन्य दलों ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं. भाजपा को शिकस्त देने के लिए विपक्ष ‘इंडिया’ नामक गठबंधन भी बना लिया है. इसमें तृणमूल कांग्रेस भी शामिल हैं. उत्तम मंच में आयोजित एक कार्यक्रम में तृणमूल नेताओं ने आम चुनाव में भाजपा के खिलाफ कड़ी लड़ाई का संदेश दिया है. इस मौके पर शहरी राज्य विकास मंत्री फिरहाद हकीम और तृणमूल के प्रदेश महासचिव कुणाल घोष ने अपनी बातें रखी. श्री हकीम ने दावा किया कि अगले साल स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले में प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी भाषण नहीं दे पायेंगे.
पूर्व मेदिनीपुर जिले की 25 पंचायत समितियों का बोर्ड गठन आज
पूर्व मेदिनीपुर जिले की 25 पंचायत समितियों का आज बोर्ड गठन होगा. भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी विधानसभा क्षेत्र में नंदीग्राम नंबर 1 पंचायत समिति के बोर्ड गठन को लेकर काफी हंगामा चल रहा है. भाजपा कार्यकर्ता पंचायत समिति कार्यालय के सामने एकत्र हुए है. अशांति की आशंका के चलते सभा स्थल पर रैफ उतारा गया है. तृणमूल ने बीजेपी के आरोप को खारिज कर दिया है.
हाबरा : रात को चोरी किया, सुबह वापस दे गया
उत्तर 24 परगना की हाबरा नगरपालिका के नौ नंबर वार्ड इलाके में चोरी के बाद एक अजीबों-गरीब घटना सामने आयी है. चोर ने नकदी समेत लाखों के गहनों से भरा बैग लौटा गया. जानकारी के मुताबिक, सुदीप चक्रवर्ती नामक व्यक्ति शनिवार रात कहीं बाहर गया था. घर में कोई नहीं था. लौटने पर देखा कि घर की छत वाले दरवाजे का हिस्सा टूटा है. अंदर आलमारी का लॉक टूटा है और सारे सामान बिखरे पड़े है. आलमारी में रखे नकदी समेत लाखों के गहने गायब हैं. इसके बाद पीड़ित ने हाबरा थाने में शिकायत दर्ज करायी. वहीं, रविवार सुबह पीड़ित के परिजनों की नींद खुली तो देखा कि छत पर एक बैग पड़ा है. खोलने पर उसमें घर से चोरी हुए सारे गहने और रुपये रखे मिले. पुलिस का अनुमान है कि इस घटना में पड़ोसी या रिश्तेदार शामिल हो सकता है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
लेखक के बारे में
By Shinki Singh
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए