West Bengal Breaking News : BSF ने हथियारों की तस्करी को किया नाकाम, चार एयर राइफल व एक देशी कट्टा बरामद

Updated:
विज्ञापन

West Bengal Breaking News Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…

विज्ञापन

राजारहाट : अनियंत्रित कार ने कई वाहनों में मारी टक्कर, एक राहगीर घायल

विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट अंतर्गत राजारहाट रोड पर गुरुवार सुबह 217 नंबर बस स्टैंड के पास एक अनियंत्रित कार ने कई वाहनों में टक्कर मारते हुए एक राहगीर को भी टक्कर मार दी और फिर एक बस के पीछे टकरा गयी. घटना के बाद से ही चालक कार छोड़कर फरार हो गया. उक्त राहगीर की हालत गंभीर है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की सुबह एक सफेद रंग की कार राजारहाट चौमाथा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी. राजारहाट रोड पर ही 217 नंबर बस स्टैंड के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार में उक्त कार ने कई कारों को टक्कर मार दी.

दादी के सामने हादसे में पोते की दर्दनाक मौत

पूर्व बर्दवान के कटवा थाना क्षेत्र के अग्रद्वीप ग्राम पंचायत के गोपीनाथतला इलाके में हुए हादसे में मृत अबोध बच्चे का शव लेकर उसके दादा-दादी कटवा महकमा अस्पताल में पहुंचे, तो वहां लोगों के रोंगटे खड़े हो गये. बुजुर्ग दंपती, पोते के शव को लेकर डॉक्टरों से गुहार लगा रहे थे कि शव के दो हिस्से हो गये हैं, आपलोग इन्हें सिल कर जोड़ दीजिए. इसके बाद पुलिस के कहने पर चिकित्सकों ने शव का पोस्टमॉर्टम किया और फिर सिलाई के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया. बुधवार रात अपनी दादी के साथ चंदन हलदार(5) इलाके के गोपीनाथतला के अनुष्ठान में गया था. वहां से दादी का पकड़ कर बच्चा लौट रहा था, तभी उसे तेज रफ्तार पुआल लदे मोटर वैन ने टक्कर मारी और उस पर पलट गया. हादसे में मासूम बच्चे की मौके पर दर्दनाक मौत हो गयी. उसकी दादी भी चोटिल हो गयीं. अपनी आंखों के सामने पोते को दुर्घटनाग्रस्त होते देख दादी मूर्च्छित होकर गिर पड़ीं. सूचना पाकर पुलिस वहां पहुंची और मोटर वैन को उठाया, तो बच्चे के तन के दो टुकड़े हो गये थे. कटवा महकमा अस्पताल में दादी को मरहम-पट्टी के बाद छोड़ दिया गया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने वहां हंगामा किया और खुले मोटर वैन पर पाबंदी लगाने की मांग की. उसका चालक फरार है.

BSF ने हथियारों की तस्करी को किया नाकाम,

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने उत्तर 24 परगना स्थित भारत-बांग्लादेश सीमावर्ती इलाके में हथियारों की तस्करी को नाकाम करते हुए चार एयर राइफल और एक देशी कट्टा बरामद किया है. तस्कर इन हथियारों को भारत से बांग्लादेश में तस्करी करने की फिराक में थे. बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार की देर रात को सीमा चौकी घोजाडांगा इलाके में बीएसएफ की 153वीं बटालियन के जवानों ने भारत-बांग्लादेश अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास तीन लोगों की संदिग्ध गतिविधि देखी. वे कुछ सामानों के साथ बांग्लादेश की ओर बढ़ रहे थे. उनके सीमा पार करने से पहले बीएसएफ के जवान उन्हें पकड़ने के लिए आगे बढ़े. बीएसएफ के जवानों को अपनी ओर आता देखकर तीनों संदिग्ध व्यक्ति अंधेरे व घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर वहां से भाग निकले. भागने के दौरान उनका एक थैला वहीं गिर गया. थैले से चार फैक्ट्री मेड एयर राइफल (कमांडो ब्रांड) और एक देशी कट्टा (कंट्री मेड पिस्टल) बरामद किये गये. जब्त हथियारों की अनुमानित कीमत 61 हजार रुपये हैं. हथियारों को बशीरहाट थाने के हवाले कर दिया गया है.

मकाउट के अंतरिम वीसी ने दिया इस्तीफा

मौलाना अबुल कलाम आजाद प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (मकाउट) के कार्यवाहक कुलपति के पद से गौतम मजुमदार ने इस्तीफा दे दिया. राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने उनको एक महीने पहले अंतरिम वाइस चांसलर के रूप में नियुक्त किया था. उनके पूर्ववर्ती, जिन्हें भी राज्यपाल ने चुना था, को वर्तमान राज्यपाल श्री बोस ने जुलाई के मध्य में हटा दिया था. राज्यपाल मकाउट और बंगाल के अन्य सभी राज्य-सहायता प्राप्त विश्वविद्यालयों के पदेन कुलाधिपति हैं.

7 दिनों में अवैध नियुक्ति मामले की जांच सीआइडी के डीआइजी पूरी कर सौंपे रिपोर्ट

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में शिक्षक भर्ती मामले की जांच पर कलकत्ता हाईकोर्ट ने गुरुवार को सीआइडी के डीआइजी पर नाराजगी जताई. जस्टिस बिस्वजीत बसु का अधिकारी से सवाल था किअवैध नियुक्ति मामले में पिता-पुत्र शामिल है इसकी जांच में इतना समय क्यों लग रहा है. न्यायाधीश ने मुर्शिदाबाद के आरोपी प्रधान शिक्षक अनिमेष तिवारी के मामले में राज्य के सीआइडी के डीआइजी के नेतृत्व में जांच टीम गठित करने का आदेश दिया था. जस्टिस बिस्वजीत बसु ने सीआईडी ​​की उस टीम की भूमिका पर भी नाराजगी जताई है. गौरतलब है कि अवैध रूप से शिक्षक पद पर नियुक्ति के मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने डीआइजी सीआइडी को कोर्ट में तलब किया था. बुधवार को जस्टिस विश्वजीत बसु ने आदेश दिया कि वह गुरुवार की सुबह 10 बजे कोर्ट में पेश हों. साथ ही कोर्ट ने यह भी कहा कि संबंधित मामले के जांच अधिकारियों को भी साथ लाया जाये.

मालदा में पंचायत में बोर्ड गठन को लेकर विरोधी दलों का पुलिस से झड़प

मालदा के गाजोल प्रखंड के बाबूपुर ग्राम पंचायत में बोर्ड गठन को लेकर जबरदस्त तनाव है. इस ग्राम पंचायत में कुल सीटें 12 हैं. तृणमूल को 5 सीटें मिलीं. सीपीएम उम्मीदवारों ने 3 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने 2 सीटें जीतीं. बीजेपी और निर्दलीय उम्मीदवारों को 1-1 सीट मिली. आज पंचायत बोर्ड गठन को लेकर इलाके में भारी तनाव व हंगामा है, विपक्षी दल के नेताओं ने पुलिस पर हमला किया साथ ही कई लोग घायल भी बताये जा रहे हैं.

विज्ञापन
विज्ञापन
Shinki Singh

लेखक के बारे में

By Shinki Singh

10 साल से ज्यादा के पत्रकारिता अनुभव के साथ मैंने अपने करियर की शुरुआत Sanmarg से की जहां 7 साल तक फील्ड रिपोर्टिंग, डेस्क की जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों और राजनीति पर लगातार लिखा. इस दौरान मुझे एंकरिंग और वीडियो एडिटिंग का भी अच्छा अनुभव मिला. बाद में प्रभात खबर से जुड़ने के बाद मेरा फोकस हार्ड न्यूज पर ज्यादा रहा. वहीं लाइफस्टाइल जर्नलिज्म में भी काम करने का मौका मिला और यह मेरे लिये काफी दिलचस्प है. मैं हर खबर के साथ कुछ नया सीखने और खुद को लगातार बेहतर बनाने में यकीन रखती हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola