Sports News Live: वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं लेंगी मीराबाई चानू

Updated:
विज्ञापन

Sports News Live Updates: ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर इतिहास रच दिया और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए. उन्होंने मेंस जैवलिन थ्रो फाइनल में 88.17 मीटर के थ्रो के साथ यह उपलब्धि हासिल की. नीरज ने विश्व चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर भारतीयों को गौरवान्वित होने का एक और मौका दिया है. नीरज चोपड़ा की इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट करके उन्हें बधाई दी है. क्रिकेट, फुटबॉल, रेसलिंग, बैडमिंटन, आर्चरी और निशानेबाजी जैसे खेलों से जुड़े हर बड़े अपडेट के लिए बने रहें prabhatkhabar.com के साथ.

विज्ञापन

वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं लेंगी मीराबाई चानू

तोक्यो ओलंपिक रजत पदक विजेता मीराबाई चानू की निगाहें एशियाई खेलों में पदक जीतने पर लगी हैं इसलिये वह अगले हफ्ते होने वाली विश्व चैम्पियनशिप में वजन (बारबेल) नहीं उठायेंगी बल्कि पेरिस ओलंपिक के लिए अपनी हिस्सेदारी की जरूरी औपचारिकता पूरी करने के लिये ही जायेंगी. पेरिस ओलंपिक के लिए विश्व चैम्पियनशिप अनिवार्य क्वालीफाइंग टूर्नामेंट है जो चार सितंबर से रियाद में शुरू होगी जबकि एशियाई खेल इससे 20 दिन से भी कम समय में 23 सितंबर से चीन के हांगझोउ में आयोजित होंगे. इन दो प्रतियोगिताओं के बीच इतना कम समय है कि इससे भारोत्तोलकों के लिए दोनों टूर्नामेंट में अपना वजन सही रखने और शिखर पर पहुंचना मुश्किल हो जायेगा. पर उन्होंने एशियाई खेलों को प्राथमिकता देने का फैसला किया क्योंकि उनके पदकों में सिर्फ इसी की कमी है. मीराबाई 2017 में विश्व चैम्पियनशिप जीत चुकी हैं जिससे वह इससे हट सकती थीं लेकिन 2024 ओलंपिक क्वालीफिकेशन नियम के अंतर्गत एक भारोत्तोलक को 2023 विश्व चैम्पियनशिप और 2024 विश्व कप में हिस्सा लेना अनिवार्य है.

किंग्स कप के लिए 23 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा 

भारतीय फुटबॉल टीम को किंग्स कप टूर्नामेंट में करिश्माई खिलाड़ी सुनील छेत्री की सेवाएं नहीं मिलेगी और उनकी गैरमौजूदगी में मनवीर सिंह अग्रिम पंक्ति का नेतृत्व करेंगे. टीम के नियमित कप्तान छेत्री पिता बनने वाले हैं. बच्चे के जन्म के समय परिवार को समय देने के लिए उन्हें इस टूर्नामेंट से विश्राम दिया गया है. छेत्री हालांकि एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में मौजूद रहेंगे. चार देशों की इस टूर्नामेंट का आयोजन नॉकआउट प्रारूप में होगा. इसका आयोजन थाईलैंड के चियांग माई में सात से 10 सितंबर तक होगा. भारतीय टीम ने पिछली बार 2019 में इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। टीम ने तब कांस्य पदक जीता था.

भारतीय टीम

गोलकीपर : गुरप्रीत सिंह संधू, अमरिंदर सिंह, गुरमीत सिंह.

डिफेंडर : आशीष राय, निखिल पुजारी, संदेश झिंगन, अनवर अली, मेहताब सिंह, लालचुंगनुंगा, आकाश मिश्रा, सुभाशीष बोस.

मिडफील्डर : जैक्सन सिंह थौनाओजम, सुरेश सिंह वांगजम, ब्रैंडन फर्नांडिस, सहल अब्दुल समद, अनिरुद्ध थापा, रोहित कुमार, आशिक कुरुनियान, नाओरेम महेश सिंह, लालियानजुआला छांगते.

फॉरवर्ड : मनवीर सिंह, रहीम अली, राहुल केपी.

मुख्य कोच : इगोर स्टिमक.

एशिया कप के पहले दो मैच से बाहर हुए केएल राहुल 

एक छोटी सी चोट के कारण केएल राहुल एशिया कप के शुरुआती दो मुकाबले नहीं खेल पाएंगे. इसका मतलब यह हुआ कि दो सितंबर को चिर प्रतिद्वंद्वि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में केएल राहुल नहीं खेलेंगे. मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने इस बात की पुष्टि की है.

इगा स्वियातेक और कोको गॉ ने जीत से किया अमेरिकी ओपन का आगाज

विश्व रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज इगा स्वियातेक और स्थानीय दावेदार कोको गॉ ने अमेरिकी ओपन टेनिस में अपने-अपने अभियान का आगाज जीत से किया. छठी वरीयता प्राप्त उन्नीस साल की गॉ ने जर्मनी की क्वालीफायर खिलाड़ी लॉरा सीगमंड के खिलाफ शुरुआती सेट में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए 3-6, 6-2, 6-4 से जीत दर्ज की. ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में अपने पिछले दोनों मैचों को गंवाने वाली गॉ को इस मुकाबले को जीतने में दो घंटे 51 मिनट का समय लगा. विम्बलडन के शुरूआती दौर में बाहर होने वाली गॉ की पिछले 13 मैचों में यह 12वीं जीत है. पोलैंड की स्वियातेक को रेबेका पेटरसन की चुनौती को खत्म करने में कोई परेशानी नहीं हुई. शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने 58 मिनट तक चले एकतरफा मुकाबले को 6-0, 6-1 से हराया. आठवीं वरीयता प्राप्त मारिया सकारी को रेबेका मासारोवा के खिलाफ उलटफेर का शिकार होना पड़ा. 71वीं रैंकिंग की खिलाड़ी ने सकारी को 6-4, 6-4 से शिकस्त दी. शुरुआती दौर में हार का सामना करने वाली वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों में 16वें स्थान काबिज वेरोनिका कुडरमेतोवा भी शामिल हैं. उन्हें अमेरिका की बर्नार्डा पेरा ने 7-5, 6-4 से हराया. पुरुष वर्ग में चौथी वरीयता प्राप्त होलगर रुने को 63वीं रैंकिंग के खिलाफ रोबर्टो कारबालेस के खिलाफ शिकस्त मिली. कारबालेस ने बीस साल के रुने को इस मुकाबले में 6-3, 4-6, 6-3, 6-2 से हराया. अमेरिकी ओपन 2020 के विजेता डोमिनिक थीम को अलेक्जेंडर बुलबिक की चुनौती को खत्म करने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई. ऑस्ट्रेलिया के इस खिलाड़ी ने 6-3, 6-2, 6-4 से जीत दर्ज की.

फीफा ने श्रीलंका पर से हटाया प्रतिबंध

विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा ने सोमवार को श्रीलंका फुटबॉल महासंघ (एफएफएसएल) पर लगाया प्रतिबंध हटा दिया. फीफा ने इस साल 21 जनवरी को प्रशासन में फीफा नियमों के उल्लंघन के कारण एफएफएसएल पर प्रतिबंध लगा दिया था. फीफा महासचिव फातिमा समौरा ने एफएफएसएल को भेजे गए पत्र में बताया कि फीफा ब्यूरो ने रविवार को श्रीलंका का निलंबन तुरंत प्रभाव से वापस लेने का फैसला किया. फीफा ने कहा कि वह एफएफएसएल के 29 सितंबर को होने वाले चुनाव पर करीबी निगरानी रखेगा.

एशियन गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा भारत, खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को है भरोसा

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को उम्मीद जताई कि चीन के हांगझोउ में 23 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ी अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे. एशियाई खेलों में भारत के 634 खिलाड़ी भाग लेंगे जो कि इन खेलों के इतिहास में उसका अब तक का सबसे बड़ा दल होगा. ठाकुर ने यहां राष्ट्रीय खेल संस्थान में कहा, ‘पिछले कुछ वर्षों से भारतीय खिलाड़ी सभी खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं और विश्व स्तर पर भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि आगामी एशियाई खेलों में भी भारत उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा.’ खेल मंत्री ने एशियाई खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों और कोच से मुलाकात करके उनसे उनकी तैयारियों की जानकारी ली. इस दौरान ठाकुर ने राष्ट्रीय खेल संस्थान में कई खेल विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया.

विज्ञापन
विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

A sports enthusiast with a keen interest in Cricket and Football. Highly self-motivated and willing to contribute ideas and learn new things.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola