Hockey World Cup 2023 का रंगारंग आगाज, रणवीर सिंह और दिशा पाटनी संग झूमें हजारों हॉकी प्रेमी, देखें PHOTOS
Published by : AmleshNandan Sinha Updated At : 12 Jan 2023 9:31 AM
पुरुषों का हॉकी विश्व कप 2023 बुधवार शाम कटक के खूबसूरत बाराबती स्टेडियम में रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ शुरू हुआ. देश और विदेश से हजारों हॉकी प्रेमी इसके गवाह बने. बॉलीवुड और स्थानीय कलाकारों ने जलवे बिखेरे. रणवीर सिंह और दिशा पाटनी ने लोगों को खूब झुमाया.

हॉकी विश्व कप 2023 बुधवार शाम कटक के खूबसूरत बाराबती स्टेडियम में रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ शुरू हुआ. देश और विदेश से हजारों हॉकी प्रेमी इसके गवाह बने. बॉलीवुड और स्थानीय कलाकारों ने जलवे बिखेरे. रणवीर सिंह और दिशा पाटनी ने लोगों को खूब झुमाया.

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, एफआईएच अध्यक्ष तैयब इकराम और हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की सभी 16 प्रतिभागी टीमों के सदस्यों के स्वागत के लिए समारोह में मौजूद थे.

इकराम ने अपने संबोधन में ओडिशा को लगातार दो बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए बधाई दी और राज्य को ‘हॉकी की भूमि’ कहा. ओडिशा ने 2018 विश्व कप की मेजबानी भी की थी.

अनुराग ठाकुर ने भव्यता के साथ इस कार्यक्रम की सफलतापूर्वक मेजबानी के लिए ओडिशा सरकार को धन्यवाद दिया और कहा कि भारत और राज्य के लोगों का उत्साह इस खेल के प्रति उनके प्यार को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि केंद्र इस तरह के खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए हमेशा राज्यों को समर्थन देगा.

नवीन पटनायक ने कहा कि ओडिशा लंबे समय से अपनी मेहमाननवाजी के लिए जाना जाता है और उम्मीद है कि हर आगंतुक राज्य में अपने प्रवास की अच्छी यादें लेकर जाएगा. उन्होंने लगातार दो बार पुरुषों के हॉकी विश्व कप की मेजबानी में ओडिशा का समर्थन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया.

घंटे भर चलने वाले उद्घाटन समारोह के पहले और बाद खचाखच भरे स्टेडियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किये गये. रणवीर सिंह हाथ में तिरंगा लेकर पूरे मैदान का चक्कर लगाकर दर्शकों को जोश से भर दिया. समारोह की शुरुआत राज्य की एक जनजातीय नृत्य कला के साथ हुई जो कम से कम छह स्थानीय नृत्य रूपों का एक संयोजन था जिसे प्रख्यात नृत्य गुरु अरुणा मोहंती ने कोरियोग्राफ किया था.

उड़िया गायक स्नीति मिश्रा, ऋतुराज मोहंती, लिसा मिश्रा और अभिनेता पति-पत्नी सब्यसाची मिश्रा और अर्चिता साहू सहित कई अन्य कलाकारों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. शहर भर में महत्वपूर्ण स्थानों पर 16 प्रशंसक पार्क स्थापित किए गए जहां हजारों हॉकी प्रेमी और उत्साही लोगों ने विशाल स्क्रीन पर उद्घाटन समारोह देखा.

सैकड़ों बॉलीवुड गायकों और स्थानीय कलाकारों ने हॉकी विश्व कप थीम गीत गाया जिसे संगीत निर्देशक प्रीतम ने संगीतबद्ध किया था जिन्होंने कुछ अन्य गायकों के साथ मंच पर प्रस्तुति भी दी. इसमें बॉलीवुड अदाकारा दीशा पाटनी भी शामिल थीं. मैच दो स्थानों राउरकेला के बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम और भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में 13 जनवरी से 29 जनवरी तक होंगे. राउरकेला में 20 मैच होंगे जबकि फाइनल सहित 24 मैच भुवनेश्वर में खेले जाएंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










