Jharkhand Breaking News Live: रांची के लेक रोड में आपसी विवाद में फायरिंग, थाने में शिकायत
Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
रांची में आपसी विवाद में फायरिंग, थाने में शिकायत
रांची के डेली मार्केट थाना क्षेत्र के लेक रोड में आपसी विवाद के दौरान साहेब नामक युवक ने दो से तीन राउंड फायरिंग की. इस मामले में पीड़ित मो इरफ़ान ने थाने में शिकायत की है. सिटी एसपी सहित कोतवाली डीएसपी, डेली मार्केट व हिंदपीढ़ी थानेदार मौके पर मौजूद हैं.
गढ़वा में द्वार पूजा से पहले प्रेमी के साथ दुल्हन फरार, बाराती-सराती में मारपीट
गढ़वा : नगरउंटारी के नरही गांव में द्वार पूजा के पहले प्रेमी के साथ दुल्हन के फरार होने का मामला सामने आया है. इस मामले को लेकर बाराती व सराती पक्ष के बीच जमकर बवाल भी हुआ. बवाल बढ़ने के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गयी. इस बीच लड़की पक्ष के कुछ प्रबुद्ध लोगों के प्रयास से दुल्हन की छोटी बहन से शादी कराने का प्रस्ताव लाया गया, लेकिन दुल्हन की छोटी बहन ने भी शादी करने से इनकार कर दिया. इसके बाद झमेला बढ़ता देख किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी. सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर किसी तरह से मामला शांत कराया. इसके बाद बिना दुल्हन लिए दुल्हा बारात वापस लेकर लौट गया.
पलामू में खड़े ट्रक से टकराया ऑटो, एक यात्री की मौत, 4 घायल
पलामू जिले के जपला-छतरपुर मुख्य पथ के दिनेश सिंह चौक के समीप सोमवार की दोपहर करीब 3 बजे तेज रफ्तार ऑटो ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी. इससे ऑटो पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो. सभी घायलों को स्थानीय लोगों ने तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया. गंभीर रूप से घायल हैदरनगर थाना क्षेत्र के कुकही गांव निवासी जय प्रकाश ठाकुर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. घायलों में मृतक की पत्नी संगीता देवी 38 वर्ष, पिंकी कुमारी 18वर्ष, रूबी देवी 27 वर्ष एवं विवेक कुमार के नाम शामिल हैं.
हजारीबाग में ऋत्विक कंपनी के अधिकारी की हत्या मामले में तीन अपराधी गिरफ्तार
बड़कागांव: हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र में एनटीपीसी कार्यालय के बरवाडीह हेठगढ़ा पुल के समीप चट्टी बरियात कोल माइन्स ऋत्विक कंपनी में कार्यरत प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर शरद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. इसमें उनके अंगरक्षक राजेन्द्र प्रसाद महतो गंभीर रूप से घायल हो गये थे. इस मामले को लेकर बड़कागांव अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था. इसके तहत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया.
पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप की निशानदेही पर एनआईए ने सिमडेगा में की छापामारी
सिमडेगा. रांची से एनआईए की टीम पीएलएफआई के सुप्रीमो दिनेश गोप को लेकर महाबुआंग थाना पहुंची. थाने में एनआईए की टीम ने दिनेश गोप से संबंधित विस्तृत जानकारी ली. इसके साथ ही दिनेश गोप के खिलाफ दर्ज मामलों की भी जानकारी ली.
काम के दौरान मजदूर की मौत, मुआवजे को लेकर अड़े परिजन
रांची: निर्माण कार्य में लगे मजदूर राज कुमार पासवान (पिता जमुना पासवान, उम्र 23 वर्ष) की मौत काम के दौरान विद्युत दुघर्टना से हो गई. वह जसलोक अस्पताल के समाने सरदार जी हाउस में भवन निर्माण का काम कर रहा था. छत ढलाई के बाद कल 28 मई को साइड में लगे पटरे को खोलने का काम कराया जा रहा था. ऊपर से गुजर रहे तैंतीस हजार वोल्ट के बिजली तार होने के कारण 4 फीट की दूरी से चपेट में आ गया. मकान मालिक बिल्लू सरदार दुघर्टना के बाद मजदूर को रिम्स में भर्ती कराकर फरार हो गया. पोस्टमार्टम के बाद भी नहीं आने पर उनके घर पर देर शाम तक लोग धरना पर बैठे रहे. निर्माण मजदूर यूनियन के नेताओ ने परिजनों से मिलकर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया. बिना विद्युत आपूर्ति रोके मज़दूरों से काम कराया जाना घोर लापरवाही है. हर माह दो मज़दूरों की मौत के बावजूद श्रम विभाग बेखर है. मजदूर को इंसाफ़ नहीं मिला तो आन्दोलन के लिए यूनियन बाध्य होगा. मजदूर के परिजनों से रातु निर्माण मजदूर यूनियन के परवेज अंसारी, चारे भगत, सहदुल आदि ने मुलाकात की. ये जानकारी निर्माण मजदूर यूनियन के महासचिव भुवनेश्वर केवट ने दी.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए