पाकुड़ के हॉस्टल में जहरीला खाना खाने से 100 से अधिक बच्चे बीमार, बच्चे की थाली में मिली थी मरी हुई छिपकली

पाकुड़ के पाकुड़िया प्रखंड स्थित एक प्राइवेट स्कूल के 100 से अधिक बच्चे बीमार हो गए. जिसके बाद सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि खाने में गिरी हुई छिपकली वाला खाना खाया था.
पाकुड़, मेघनाथ भगत : झारखंड के पाकुड़ जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल, पाकुड़ जिले के पाकुड़िया प्रखंड के एक निजी स्कूल के हॉस्टल में रहने वाले बच्चों ने रोज की तरह खाना खाया था. जिसके बाद अचानक 100 से अधिक बच्चे बीमार हो गए. आनन-फानन में सभी बच्चों को इलाज के लिए पाकुड़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट में भर्ती कराया गया है. हालांकि, सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं.
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि पाकुड़ के पाकुड़िया प्रखंड स्थित झरिया गांव में संचालित सिदो कान्हू मुर्मू आवासीय इंग्लिश स्कूल के करीब सौ बच्चे बुधवार की रात को बीमार पड़ गए. मिली जानकारी के अनुसार स्कूल के हॉस्टल में रह रहे बच्चों के लिए जो भोजन बनाया गया था, उसमें छिपकली के गिरने की बात कही जा रही है. उसी भोजन को बच्चों को परोस दिया गया था. भोजन करने के बाद बच्चें अचानक से बीमार पड़ने लगे. स्कूल के बच्चों को उल्टियां होने लगी और उसके बाद सिरदर्द होने लगा. ऐसे में स्कूल प्रबंधन ने आनन फानन में बीमार बच्चों को रामपुरहाट ले गए. वहीं हॉस्टल के अन्य बच्चों ने भी तबियत बिगड़ने की शिकायत की. जिसके बाद पाकुड़िया अस्पताल में बच्चों को भर्ती कराया गया. इस दौरान करीब 65 बच्चों को रामपुरहाट और 42 बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया में भर्ती कराया गया.
Also Read: बोकारो के गर्ल्स हॉस्टल में इंजीनियरिंग की तैयारी कर रही छात्रा के साथ छेड़खानी, देखें VIDEO
कुछ बच्चों को मिली स्कूल से छुट्टी
मामलें की सूचना मिलते ही पाकुड़िया बीडीओ मनोज कुमार और थाना प्रभारी अभिषेक राय स्कूल पहुंचे और बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल लाए. फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर है. 5 बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं, बाकी बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया के चिकित्सा पदाधिकारी भरत भूषण भगत ने बताया कि बच्चों के खाने में छिपकली गिर जाने के कारण खाना विषाक्त हो गया था, जिसके कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी. हालांकि बच्चे खतरे से बाहर हैं.
बच्चे फुड पॉइजन के हो गये शिकार
वहीं, विद्यालय प्रबंधन कमेटी के सचिव स्टीफन मरांडी ने बताया कि रात के खाने में छिपकली गिर जाने के कारण यह मामला हुआ है. जिससे बच्चों का भोजन विषाक्त हो गया. बच्चे फुड पॉइजन के शिकार हो गये. अभी सभी बच्चे ठीक है. विद्यालय में कुल 270 बच्चे पढ़ते है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Nutan kumari
Digital and Broadcast Journalist. Having more than 4 years of experience in the field of media industry. Specialist in Hindi Content Writing & Editing.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




