51 लाख के सालाना सैलेरी पर चतरा के दृष्टिबाधित सौरभ का Microsoft में ‍चयन, IIT दिल्ली से कर रहे पढ़ाई

Updated at : 20 Aug 2022 10:32 AM (IST)
विज्ञापन
51 लाख के सालाना सैलेरी पर चतरा के दृष्टिबाधित सौरभ का Microsoft में ‍चयन, IIT दिल्ली से कर रहे पढ़ाई

टंडवा के महेश प्रसाद गुप्ता के दृष्टिबाधित पुत्र सौरभ को माइक्रोसॉफ्ट ने 51 लाख रुपये प्रति वर्ष का पैकेज ऑफर किया है. आत्मविश्वास और प्रतिभा से लबरेज सौरभ आइआइटी दिल्ली से पढ़ाई कर रहे हैं.

विज्ञापन

वरुण सिंह

Chatra News: टंडवा के महेश प्रसाद गुप्ता के दृष्टिबाधित पुत्र सौरभ को माइक्रोसॉफ्ट ने 51 लाख रुपये प्रति वर्ष का पैकेज ऑफर किया है़ आत्मविश्वास और प्रतिभा से लबरेज सौरभ आज के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन गये हैं. सौरभ बचपन से ही पढ़-लिख कर कुछ बनना चाहते थे, लेकिन बचपन में ही आंख की रोशनी गंवा बैठे. इसके बाद पिता की प्रेरणा और अपनी मेहनत से लक्ष्य हासिल करने में सफल रहे. वह वर्तमान में जेइइ मेंस में सफलता पाकर आइआइटी दिल्ली में तीसरे वर्ष में अध्ययनरत हैं. इसी बीच उनका चयन माइक्रोसॉफ्ट में हो गया.

संत मिखाइल स्कूल, रांची से की पढ़ाई

सौरभ बचपन से ही ग्लूकोमा बीमारी से पीड़ित थे. कक्षा तीन के बाद उनकी आंखों की रोशनी पूरी तरह खत्म हो गयी. लेकिन सौरभ ने हार नहीं मानते हुए आगे की पढ़ाई ब्रेल लिपि में करने की ठानी़ उनके पिता महेश प्रसाद ने उनकी इच्छाओं को पूरा करने में पूरा साथ दिया और नामांकन संत मिखाइल स्कूल, रांची में करा दिया. यहां से उन्होंने सातवीं तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद सौरभ की जिंदगी में बड़ी रुकावट सामने आयी. सौरभ के पिता ने बताया कि ब्रेल लिपि से आठवीं से दसवीं तक की किताबें ही नहीं छपी थीं. ऐसा लगा कि सारी मेहनत बेकार चली गयी है. उन्होंने बताया कि बहुत आग्रह करने पर सौरभ के लिए सरकार द्वारा पुस्तकें छपवायी गयीं. इसके बाद उनका नामांकन एनआइवीएस देहरादून स्कूल में कराया गया.

देहरादून से मैट्रिक में किया टॉप

एनआइवीएस देहरादून से ब्रेल लिपि से पढ़ाई करते हुए वर्ष 2017 में 9.8 सीजीपीए के साथ मैट्रिक की परीक्षा पास कर टॉपर बने. इसके बाद टैगोर इंटरनेशनल स्कूल बसंत बिहार दिल्ली में नामांकन कराया गया. जहां कंप्यूटर के सहारे सामान्य छात्रों के बीच पढ़ाई करके 2019 में सौरभ ने 93 प्रतिशत रिकॉर्ड अंकों के साथ आइएससी पास की. आइएससी की पढ़ाई के दौरन ही सौरभ ने जेइइ मेंस क्वालीफाइ कर लिया. मेंस क्वालीफाइ करने के बाद सौरभ ने सामान्य छात्रों की तरह कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग में नामांकन लिया. वर्तमान में वह आइआइटी दिल्ली में इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola