Second Phase Voting in Bengal: बंगाल में दूसरे चरण में छिटपुट हिंसा के बीच 80.43 फीसदी मतदान, आयोग पर भड़कीं ममता
South 24 Parganas: Voters show their fingers marked with indelible ink after casting their votes at a polling station during the second phase of West Bengal Assembly Polls, at Kakdwip in South 24 Parganas district, Thursday, April 1, 2021. (PTI Photo)(PTI04_01_2021_000056B)
Second Phase Voting in Bengal: बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 के दूसरे चरण में छिटपुट हिंसा के बीच 80.43 फीसदी मतदान हुआ. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव आयोग से बेहद नाराज दिखीं. कहा कि उन्होंने 63 शिकायतें कीं, लेकिन इलेक्शन कमीशन ने उस पर कार्रवाई नहीं की. दूसरे चरण में पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर जिलों की 9-9 सीटों के अलावा बांकुड़ा की 8 और दक्षिण 24 परगना की 4 सीटों पर भी मतदान हुआ. संभावित हिंसा को रोकने के लिए नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में धारा-144 लगा दी गयी थी. नंदीग्राम के बोयाल में भाजपा और तृणमूल समर्थकों के बीच कथित तौर पर हिंसा हुई, क्योंकि तृणमूल की ओर से बूथ नंबर सात पर पुन: मतदान कराने की मांग की जा रही थी. कथित तौर पर पथराव की घटना के बीच स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और त्वरित कार्य बल को भेजा गया. शुभेंदु अधिकारी जब विधानसभा क्षेत्र में बूथ का दौरा कर रहे थे, तो उनके काफिले पर पथराव किया गया. नंदीग्राम के ताकापुरा और सातेंगाबाड़ी में पथराव की दो अलग-अलग घटनाएं हुईं. पश्चिमी मेदिनीपुर के केशपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार तन्मय घोष के वाहन में कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों द्वारा तोड़फोड़ की गयी. दक्षिण 24 परगना के गोसाबा इलाके में भी तृणमूल और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प की सूचना मिली. महिषादल सीट पर तृणमूल ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं को मतदान केंद्र पर जाने से रोका.
केशपुर के टीएमसी उम्मीदवार के पोलिंग एजेंट पर हमला
केशपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे तृणमूल उम्मीदवार की पोलिंग एजेंट सिउली साहा हमले में घायल हो गये हैं. उनकी आंख में चोट आयी है. श्याम चांदपुर में उन पर कथित तौर पर हमला किया गया. सिउली साहा ने कहा, ‘कुछ लोगों ने जय श्री राम का नारा लगाते हुए उनकी कार को रोका और उन पर पत्थरों से हमला कर दिया. उनकी आंख में चोट आयी है.’
बंगाल चुनाव 2021 के दूसरे चरण में भी हुई 80 फीसदी से अधिक वोटिंग
बंगाल चुनाव 2021 के दूसरे चरण में शाम 5 बजे तक 80 फीसदी से अधिक मतदान हो चुका है. चुनाव आयोग के आंकड़ों में बताया गया है कि अब तक 80.43 फीसदी वोटिंग हो चुकी है. सबसे ज्यादा 82.92 फीसदी वोटिंग बांकुड़ा जिला में हुई है. पूर्वी मेदिनीपुर में 81.23 फीसदी, दक्षिण 24 परगना में 79.65 फीसदी और पश्चिमी मेदिनीपुर में 78.02 फीसदी मतदान हुआ है. नंदीग्राम में 80.79 फीसदी वोटिंग की बात चुनाव आयोग ने कही है.
बंगाल में 3:30 बजे तक 71.07 फीसदी मतदान, नंदीग्राम में एक बूथ पर दो घंटे तक चला हाइ-वोल्टेज ड्रामा
बंगाल में 3:30 बजे तक 71.07 फीसदी मतदान हो चुका है. दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान नंदीग्राम में ममता बनर्जी का करीब दो घंटे तक हाइ-वोल्टेज ड्रामा चला. तृणमूल सुप्रीमो बोयाल के एक बूथ में धरना पर बैठ गयीं. इतनी देर तक मतदान रुका रहा.
नंदीग्राम का हाइ-वोल्टेज ड्रामा खत्म, बोयाल के बूथ से आखिरकार बाहर निकलीं ममता बनर्जी
पश्चिमी मेदिनीपुर में मारुति वैन में EVM
पश्चिमी मेदिनीपुर जिला के घाटाल विधानसभा क्षेत्र में एक मारुति वैन में इवीएम देखा गया है. इस इवीएम की सुरक्षा में कोई तैनात नहीं था. यह दावा किया है तृणमूल कांग्रेस ने. पार्टी ने कहा है कि उसके कार्यकर्ताओं ने मारुत वैन WB33AA8854 को देखा, जिसमें इवीएम रखा था.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए