बेतिया समाहरणालय में जनसुनवाई, डीएम ने 58 मामलों की सुनवाई कर अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
बेतिया समाहरणालय में आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने आम लोगों की 58 समस्याओं को सुना. राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन और आवास योजनाओं से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
Bettiah News: बेतिया. जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं. जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी शिकायतें सीधे डीएम के समक्ष रखीं. जनसुनवाई के दौरान कुल 58 मामलों की सुनवाई हुई. कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.
आपके शहर में
जनसुनवाई में 58 मामलों की हुई सुनवाई
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे. डीएम तरनजोत सिंह ने एक-एक कर लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों से मामले की स्थिति की जानकारी ली. जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर ही निष्पादन कराया गया.
राजस्व और भूमि विवाद की शिकायतें प्रमुख
जनसुनवाई में राजस्व और भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं. इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पेयजल, सड़क और सड़क मरम्मत से जुड़ी समस्याएं भी फरियादियों ने डीएम के समक्ष रखीं.
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
समय-सीमा में शिकायतों के निष्पादन पर जोर
डीएम तरनजोत सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाना चाहिए.
‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान का हिस्सा है जनसुनवाई
जनसुनवाई राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के तहत संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान का हिस्सा है. इसका उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना है.
इस अभियान के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है.
अधिकारियों को कार्रवाई और रिपोर्ट देने का निर्देश
डीएम ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसकी जानकारी समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के समाधान में विभागीय समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग जरूरी है.
अधिकारी रहे मौजूद
जनसुनवाई के दौरान अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं से संबंधित मामलों में आवश्यक जानकारी भी ली.
यह भी पढ़ें: आंखों के सामने उजड़ रहे घर, विधायक पहुंचे कुरसाहा तो ग्रामीणों ने मांगा सुरक्षित ठिकाना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए