बेतिया की 45 पंचायतों में 1 सितंबर को सहयोग शिविर, डीएम ने लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
बैठक लेते डीएम
बेतिया की 45 पंचायतों में 1 सितंबर से शुरू होने वाले सहयोग शिविरों की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई. डीएम ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए.
Bettiah News: जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की गई. इस दौरान एक सितंबर से पंचायत स्तर पर शुरू होने वाले द्वितीय चरण के सहयोग शिविरों की तैयारियों की जानकारी ली गई और अधिकारियों को शिविरों का सफल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
आपके शहर में
45 पंचायतों में 1 सितंबर को लगेगा सहयोग शिविर
अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि एक सितंबर को जिले की 45 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे. शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है.
डीएम ने सभी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया. साथ ही जिलास्तरीय नोडल पदाधिकारियों को शिविर स्थलों का निरीक्षण कर संचालन की लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा गया.
आरटीपीएस सेवाओं में देरी पर जिम्मेदारी तय होगी
बैठक में आरटीपीएस सेवाओं की भी समीक्षा की गई. डीएम ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए और जरूरत पड़ने पर जुर्माना भी लगाया जाए.
आंगनबाड़ी और राशन कार्ड की भी हुई समीक्षा
बैठक के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं और भवन निर्माण की स्थिति की जानकारी ली गई. इसके साथ ही फार्मर रजिस्ट्री, राशन कार्ड, जीवन प्रमाणीकरण और चीनी स्टॉक से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई.
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं और सेवाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने तथा पात्र लोगों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
अस्पतालों की एक्स-रे मशीनें चालू रखने का निर्देश
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान डीएम ने अस्पतालों में एक्स-रे मशीनों को क्रियाशील रखने पर जोर दिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध जरूरी संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
पीएम सूर्यघर और अन्य योजनाओं में तेजी का आदेश
डीएम ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, लोन स्वीकृति एवं वितरण, डिग्री कॉलेज और वाईब्रेंट विलेज कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की. संबंधित विभागों को इन योजनाओं में तेजी लाने और लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में डीडीसी काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: आंखों के सामने उजड़ रहे घर, विधायक पहुंचे कुरसाहा तो ग्रामीणों ने मांगा सुरक्षित ठिकाना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए