Pixel 11 में क्या बदला? Pixel 10 से कितना अलग है नया Google का फोन, देखें कम्पैरिजन
Pixel 11 vs Pixel 10 (फोटो: blog.google)
Pixel 11 में Pixel 10 के मुकाबले कुछ छोटे बदलाव किए गए हैं, लेकिन कई नए फीचर्स भी जोड़े गए हैं. इसमें नया Tensor G6 प्रोसेसर, 512GB तक स्टोरेज, बेहतर फिंगरप्रिंट सेंसर और तेज वायरलेस चार्जिंग मिलती है. हालांकि कैमरा और स्क्रीन लगभग पहले जैसे ही हैं.
Google ने Pixel 11 सीरीज को हाल ही में लॉन्च किया है. Pixel 10 के करीब एक साल बाद आई इस नई सीरीज में डिजाइन भले ही काफी हद तक पुराना जैसा नजर आता हो, लेकिन अंदर से कई बड़े बदलाव देखने को मिलते हैं. खास बात यह है कि सीरीज के सबसे सस्ते मॉडल Pixel 11 में भी नया Tensor G6 चिपसेट दिया गया है.
तो आखिर Pixel 11 में ऐसा क्या नया है और क्या यह Pixel 10 से अपग्रेड करने लायक है? आइए दोनों फोन के फीचर्स, स्पेसिफिकेशंस और कीमत की कम्पैरिजन करके जानते हैं कि इन दोनों में से कौन-सा मॉडल ज्यादा बेहतर पैकेज के साथ आता है.
Pixel 11 vs Pixel 10: कीमत
भारत में Google Pixel 11 की शुरुआती कीमत 89,999 रुपये रखी गई है. यह कीमत 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की है. वहीं, 12GB RAM के साथ 512GB स्टोरेज मॉडल के लिए 1,04,999 रुपये खर्च करने होंगे.
अगर पिछले मॉडल Pixel 10 से तुलना करें, तो इसकी शुरुआती कीमत 10,000 रुपये ज्यादा है. Pixel 10 को भारत में 12GB RAM और 256GB स्टोरेज के साथ 79,999 रुपये में लॉन्च किया गया था. यानी Pixel 11 में इस बार कीमत बढ़ने के साथ 512GB स्टोरेज का नया ऑप्शन भी जोड़ा गया है.
Pixel 11 vs Pixel 10: डिजाइन और डिस्प्ले
पहली नजर में Pixel 11 और Pixel 10 में बहुत ज्यादा अंतर नजर नहीं आता. दोनों फोन में Google का सिग्नेचर कैमरा बार डिजाइन मिलता है. हालांकि, Pixel 11 में इसे थोड़ा नया लुक दिया गया है. इसका एज-टू-एज ग्लास कैमरा बार पिछले मॉडल के मुकाबले करीब 40 फीसदी पतला बताया जा रहा है.
डिस्प्ले की बात करें तो यहां दोनों फोन लगभग एक जैसे हैं. Pixel 11 और Pixel 10 में 6.3 इंच का Full-HD+ (1,080×2,424 पिक्सल) OLED Super Actua डिस्प्ले दिया गया है. इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट, 3,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है.
ये भी पढ़ें: Vivo X300 FE का नया वेरिएंट लॉन्च, ₹84,999 में 8GB RAM और 256GB स्टोरेज, फीचर्स भी शानदार
हालांकि, Google ने Pixel 11 में सिक्योरिटी के मामले में एक अहम अपग्रेड किया है. Pixel 10 में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर मिलता था, वहीं नए Pixel 11 में अब अल्ट्रासोनिक इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है.
Pixel 11 vs Pixel 10: प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर
Pixel 11 में सबसे बड़ा बदलाव इसके प्रोसेसर में देखने को मिलता है. Google ने इस फोन में नया Tensor G6 चिपसेट दिया है, जिसे Titan M3 सिक्योरिटी चिप का साथ मिलता है. फोन में 12GB RAM दी गई है, जबकि स्टोरेज के मामले में 512GB तक का ऑप्शन मिलेगा.
वहीं, Pixel 10 में पिछली जेनरेशन का Tensor G5 SoC और Titan M2 सिक्योरिटी चिप मिलती है. लॉन्च के समय यह फोन सिर्फ 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले कॉन्फिगरेशन में आया था.
यानी RAM के मामले में दोनों फोन लगभग एक जैसे हैं, लेकिन Pixel 11 में ज्यादा स्टोरेज का विकल्प देकर Google ने यूजर्स को थोड़ा ज्यादा फ्लेक्सिबिलिटी दी है. जहां Pixel 10 में अधिकतम 256GB स्टोरेज मिलता है, वहीं Pixel 11 में यह बढ़कर 512GB तक पहुंच जाती है.
सॉफ्टवेयर की बात करें तो Pixel 11 बॉक्स से ही Android 17 पर चलेगा. इसके मुकाबले Pixel 10 को लॉन्च के समय Android 16 के साथ पेश किया गया था.
Pixel 11 vs Pixel 10: कैमरा
कैमरे के मामले में Google ने Pixel 11 के साथ कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है. कंपनी ने इसमें Pixel 10 वाला ही ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया है. इसमें 48MP का मेन कैमरा मिलता है. इसके साथ 13MP का अल्ट्रावाइड और 10.8MP का टेलीफोटो कैमरा दिया गया है. सेल्फी के लिए Pixel 11 में 10.5MP का फ्रंट कैमरा मिलता है, जो Pixel 10 में भी दिया गया था.
Pixel 11 vs Pixel 10: बैटरी
बैटरी के मामले में Google Pixel 11 में पिछले मॉडल के मुकाबले मामूली बढ़त देखने को मिलती है. इसमें 4,985mAh की बैटरी दी गई है, जबकि Pixel 10 में 4,970mAh बैटरी मिलती थी. दोनों फोन 30W वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट करते हैं.
हालांकि, असली अपग्रेड वायरलेस चार्जिंग में देखने को मिलता है. Pixel 11 में 25W Qi 2.2 Pixelsnap वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है, जो Pixel 10 की 15W Qi2 वायरलेस चार्जिंग के मुकाबले काफी तेज है.
ये भी पढ़ें: Google Pixel 11 सीरीज खरीदने के लिए कौन सा देश सबसे सस्ता? भारत, अमेरिका, जापान और UK की कीमत देखें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अंकित आनंद
शॉर्ट बायो
अंकित आनंद टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में काम कर रहे हैं. वे स्मार्टफोन, टेलीकॉम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कंज्यूमर टेक और ऑटोमोबाइल से जुड़ी खबरों को कवर करते हैं.
काम के बारे में
अंकित आनंद एक टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो डिजिटल मीडिया में टेक और ऑटो सेक्टर से जुड़े विषयों पर लगातार लिखते हैं. वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में काम कर रहे हैं. टेक्नोलॉजी सेक्टर में उनकी रुचि स्मार्टफोन लॉन्च, मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम, टेलीकॉम अपडेट्स, इंटरनेट सेवाओं, AI टूल्स, ऐप्स, गैजेट्स, टिप्स एंड ट्रिक्स और कंज्यूमर टेक्नोलॉजी से जुड़े विषयों में है. वहीं ऑटोमोबाइल सेक्टर में वे नई कारों और बाइक्स की लॉन्चिंग, फीचर्स, कीमत, सेफ्टी, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV), फ्लेक्स-फ्यूल टेक्नोलॉजी और ऑटो इंडस्ट्री के बदलते ट्रेंड्स पर रेगुलर लिखते हैं.
उनकी कोशिश रहती है कि हर खबर में सिर्फ फीचर्स, कीमत या लॉन्च की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी बताया जाए कि वह टेक्नोलॉजी आम लोगों के कितने काम की है, उसे इस्तेमाल करने का एक्सपीरियंस कैसा होगा और उसे खरीदना सही रहेगा या नहीं.
पढ़ाई और करियर
बिहार में जन्मे अंकित आनंद की शुरुआती शिक्षा सीबीएसई बोर्ड से हुई है. इसके बाद उन्होंने साल 2024 में गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी (GGSIPU) के कस्तूरी राम कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन से जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन डिग्री हासिल की. पढ़ाई के दौरान ही अंकित की रुचि डिजिटल मीडिया और न्यूज लिखने में बढ़ने लगी. इसी दौरान उन्होंने टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल से जुड़ी खबरों पर काम करना शुरू किया और आगे चलकर उन्होंने इन्हीं विषयों को अपने काम का हिस्सा बना लिया.
प्रभात खबर डिजिटल से पहले अंकित ने Zee News में करीब एक साल तक काम किया. यहां उन्होंने टीवी न्यूज प्रोडक्शन, आउटपुट डेस्क, कंटेंट रिसर्च, फैक्ट वेरिफिकेशन और न्यूज राइटिंग के अलग-अलग पहलुओं पर काम किया.
विजन
अंकित का मानना है कि टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल से जुड़ी खबरें केवल नए प्रोडक्ट्स की जानकारी नहीं होतीं, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी, खरीदारी के फैसलों और डिजिटल एक्सपीरियंस पर भी असर डालती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









