बेसहारा कुत्तों को सहारा दे रही है पायल

Updated:
विज्ञापन

सिलीगुड़ी. आजकल के जमाने में यदि कोई मनुष्य भी दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर तड़पता रहे, तो भी उसकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आता. ऐसे में दुर्घटना के शिकार कुत्ते तथा अन्य बेजुबान जानवरों की मदद का तो कोई सवाल ही नहीं उठता. लेकिन सिलीगुड़ी में एक युवती ऐसी भी है, जो बेजुबान कुत्तों […]

विज्ञापन

सिलीगुड़ी. आजकल के जमाने में यदि कोई मनुष्य भी दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर तड़पता रहे, तो भी उसकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आता. ऐसे में दुर्घटना के शिकार कुत्ते तथा अन्य बेजुबान जानवरों की मदद का तो कोई सवाल ही नहीं उठता. लेकिन सिलीगुड़ी में एक युवती ऐसी भी है, जो बेजुबान कुत्तों एवं जानवरों की मदद करती है.

वह किसी स्वयंसेवी संगठन की बदौलत नहीं, बल्कि अपने दम पर बेजुबान कुत्तों की मदद करती है. सिलीगुड़ी के डांगीपाड़ा की रहने वाली पायल दे सड़क पर घायल किसी भी कुत्ते को उठा कर घर ले आती है और उसकी चिकित्सा कर उसे दुरुस्त करती है. कुत्तों के साथ पायल का कुछ अलग लगाव है. सिर्फ कुत्ते ही नहीं, अन्य बेजुबान जानवरों के प्रति भी पायल की हमदर्दी काफी अधिक है. पायल ने बाजारू एवं बेजुबान कुत्तों की मदद की शुरुआत वर्ष 2008 से की. तब वह सिलीगुड़ी जंक्शन के डीजल कॉलोनी में अपने मां-पिता के साथ रहती थी. जब भी वह किसी बीमार या घायल कुत्ते को सड़क पर देखती थी, तो उसे उठा कर अपने घर ले आयी थी. शुरू में परिवार वालों को कुछ अटपटा सा लगा, लेकिन उनके पिता अरुण सरकार ने इस काम में उनकी मदद शुरू कर दी.

साथ ही उनकी मां भी कुत्तों की देख-रेख करने लगी. वर्ष 2012 में पायल की शादी डांगीपाड़ा के रहने वाले सैकत दे के साथ हो गई. वह डीजल कालोनी से अपने ससुराल डांगीपाड़ा आ गई, लेकिन कुत्तों का लालन-पालन उन्होंने बंद नहीं किया. ससुराल आकर उनके पति इस काम में मदद करने लगे. पायल माटीगाड़ा की गुड़िया जूनियर गल्र्स हाईस्कूल में सरकारी नौकरी करती है. वह अपने दम पर और अपने खर्च पर घायल कुत्तों की चिकित्सा करवाती है. इस काम में हर महीने उनके 6 से 7 हजार रुपये खर्च हो जाते हैं. इसके बाद भी पायल इस काम में इतना अधिक जूनूनी है कि वह पैसे की परवाह नहीं करती. लावारिश कुत्तों को रखने के लिए पायल ने डीजल कालोनी में अपने मां के घर एक रिहैविलेटेशन सेंटर भी बना रखा है.

इस सेंटर में अभी 11 कुत्ते रह रहे हैं. एक प्रश्न के जवाब में पायल ने बताया कि उन्हें इस काम में मजा आता है. ससुराल वालों द्वारा इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया के संबंध में पायल ने कहा कि उनके पति सैकत दे उनकी हमेशा मदद करते हैं. सैकत दे के साथ प्यार के बाद उन्होंने शादी की है. जब वह कॉलेज में पढ़ती थी तब भी सैकत घायल कुत्तों को अस्पताल ले जाने में उनकी मदद करते थे. सैकत पेशे से व्यवसायी हैं. अभी भी वह इस काम में पायल की पहले की तरह ही मदद करते हैं. एक प्रश्न के उत्तर में पायल ने बताया कि शुरू-शुरू में कई बार पड़ोसियों के साथ उनका कुत्ता रखने के मामले में झगड़ा भी हो गया था. उनके इस कुत्ता प्रेम को कई लोग पसंद करते हैं, तो कई लोगों को यह काम अच्छा नहीं लगता. कुछ पड़ोसी उनकी मदद करते हैं, तो कुछ इस काम में बाधा भी पहुंचाते हैं. पायल ने कहा कि उन्हें कौन क्या कहता है, इसको लेकर वह कोई परवाह नहीं करती.

स्वयं करती है चिकित्सा

पायल घायल कुत्तों की चिकित्सा स्वयं करती है. घायल कुत्ते के घाव की सफाई से लेकर ड्रेसिंग करना तथा दवाई देने का काम वह खुद करती है. जब उसने शुरू-शुरू घायल कुत्तों की मदद करनी शुरू की थी तब वह कुत्तों को लेकर पशु चिकित्सकों के पास जाती थी. वह अब तक इतनी बार पशु चिकित्सकों के पास जा चुकी है कि कुत्ते के इलाज से संबंधित कई दवाइयों की जानकारी उसे खुद हो गयी है. किसी भी घायल लावारिस कुत्ते की वह स्वयं चिकित्सा करती है. अधिकांश कुत्ते तंदरूस्त हो जाते हैं. यदि किसी कुत्ते की तबीयत अधिक खराब होती है, तो उसे पशु चिकित्सक के पास ले जाती है.

कुत्ता पालन को बढ़ावा

पायल ने बताया कि वह कुत्ते को स्वस्थ करने के बाद किसी ऐसे व्यक्ति को दे देना चाहती है, जो कुत्ता पालने का शौकीन हो. इतना ही नहीं, पायल आम लोगों से कुत्तों को गोद लेने की भी अपील करती है. पिछले दिनों चार कुत्तों को इसी तरह से गोद देने का काम किया गया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola