सिलीगुड़ी : बालू-पत्थर की कीमतों में बढ़ोतरी से हाहाकार

Published at :23 Aug 2018 8:48 AM (IST)
विज्ञापन
सिलीगुड़ी : बालू-पत्थर की कीमतों में बढ़ोतरी से हाहाकार

सिलीगुड़ी : बरसात के मौसम में नदियों से बालू पत्थर निकालने के रोक के बाद सिलीगुड़ी तथा आसपास के इलाके ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर बंगाल में निर्माण कार्य बुरी तरह से प्रभावित हुआ है. इसके साथ ही चोरी छिपे बालू की कालाबाजारी भी की जा रही है. कुछ लोग अभी भी चोरी छिपे बालू […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी : बरसात के मौसम में नदियों से बालू पत्थर निकालने के रोक के बाद सिलीगुड़ी तथा आसपास के इलाके ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर बंगाल में निर्माण कार्य बुरी तरह से प्रभावित हुआ है. इसके साथ ही चोरी छिपे बालू की कालाबाजारी भी की जा रही है. कुछ लोग अभी भी चोरी छिपे बालू निकालने का काम कर रहे हैं. जिसकी वजह से बालू की कीमत में अचानक करीब 50 प्रतिशत से भी अधिक की बढ़ोत्तरी हो गई है.
दूसरी ओर ऐसे मजदूरों की संख्या काफी अधिक है जो बालू पत्थर पर लगी रोक के बाद बेरोजगार हो गए हैं. इनके सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है. ऐसे में चोरी-छिपे बालू पत्थर निकालने का काम तो हो ही रहा है साथ ही भूटान की नदियों से भी बालू निकालकर सिलीगुड़ी तथा इसके आसपास के इलाके में सप्लाई की जा रही है. जिसकी वजह से बेरोजगार हुए बालू पत्थर श्रमिकों में काफी रोष है.
मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिनों पहले तक सिलीगुड़ी में बालू की कीमत 800 रूपये से लेकर 1200 रूपये प्रति ट्रक थी. बालू पत्थर के काम में सिंडिकेट के लोग जुड़े होते हैं. इसीलिए शहर में अलग-अलग स्थानों पर बालू पत्थर की कीमत अलग-अलग होती है. लेकिन नदियों से बालू निकालने पर रोक के सरकारी निर्देश के बाद बालू की कीमत में बढ़ोतरी हो गई है. अब सिलीगुड़ी शहर में 14 सौ से लेकर 18 सौ रुपए प्रति ट्रक बालू मिल रहा है. जिन लोगों का निर्माण कार्य जारी है वह लोग अपना काम नहीं रोक पा रहे हैं . मजबूरी में अधिक कीमत पर बालू खरीद रहे हैं. कई निर्माण ठेकेदार तथा घर बनाने वाले आम लोग भूटान से भी बालू मंगा रहे हैं.
सिलीगुड़ी में बुधवार को कुछ इसी प्रकार की घटना घटी. भूटान से बालू ला रही गाड़ियों को भवेस मोड़ इलाके में बालू पत्थर के कारोबार से लगे कुछ लोगों एवं श्रमिकों ने रोक दिया. उसके बाद पूरे इलाके की स्थिति तनावपूर्ण हो गई. मिली जानकारी के अनुसार भवेस मोड़ इलाके में कुछ लोगों की नजर डंपर पर पड़ी .दोनों डंपर भूटान के थे. इनमें बालू लदे होने की जानकारी जैसे ही बालू कारोबारियों एवं श्रमिकों को लगी उनका गुस्सा फूट पड़ा. इन लोगों ने ट्रक पर धावा बोल दिया. ट्रक से बालू निकालकर लोग फेंकने लगे. तत्काल इसकी जानकारी एनजेपी थाना पुलिस को दी गई.
पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इन दोनों ट्रकों में सिलीगुड़ी अथवा उत्तर बंगाल की नदियों से बालू निकालकर लोड नहीं की गई थी. बल्कि भूटान से दोनों डंपर बालू लेकर सिलीगुड़ी आए थे. एक बालू कारोबारी का कहना है कि पिछले कई दिनों से बालू पत्थर निकालने का काम बंद है .
उनकी गाड़ियां बंद पड़ी हुई है. दूसरी ओर भूटान की गाड़ियों में बालू की ढुलाई हो रही है. इसी वजह से उन लोगों ने भूटान के दोनों डंपरों को रोक रखा. व्यवसाइयों को पहले यह लगा कि उत्तर बंगाल के ही किसी नदी से डंपरों में बालू की लोडिंग की गई है. पुलिस मौके पर पहुंची तब जाकर मामला शांत हुआ.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola