Suvendu Adhikari Oath LIVE: शुभेंदु अधिकारी आज लेंगे बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ

Published by :Ashish Jha
Published at :09 May 2026 8:27 AM (IST)
विज्ञापन
Suvendu Adhikari Oath LIVE: शुभेंदु अधिकारी आज लेंगे बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ

शुभेंदु अधिकारी

Suvendu Adhikari Oath LIVE: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज ऐतिहासिक बदलाव का दिन है. भाजपा ने शुभेंदु अधिकारी को बंगाल का नया मुख्यमंत्री चुना है. शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया. आज कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य समारोह के साथ वे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. इस समारोह से संबंधित पल पल की अपडेट के लिए देखते रहें prabhatkhabar.com

विज्ञापन

Suvendu Adhikari Oath LIVE: पीएम मोदी भी रहेंगे मौजूद

पश्चिम बंगाल विधानसभा के नवनिर्वाचित 206 भाजपा विधायकों की शुक्रवार को बैठक हुई. बैठक में शुभेंदु अधिकारी का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया. आज शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे. यह समारोह ब्रिगेड मैदान में आयोजित होगा. शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए बंगाल भाजपा में जबरदस्त उत्साह है. अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी को नए सफर की मंगलकामना की. शुभेंदु अधिकारी शनिवार को बंगाल के नौवें और भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे.

Suvendu Adhikari Oath LIVE: 55 वर्षों के बाद पूर्वी मेदिनीपुर का बेटा बन रहा सीएम

55 वर्षों के बाद पूर्वी मेदिनीपुर का एक और पुत्र मुख्यमंत्री बनने जा रहा है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा शुक्रवार को मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा के बाद, पूरे जिले में उत्साह का माहौल छा गया. शुभेंदु शनिवार को ब्रिगेड मैदान में शपथ ग्रहण करेंगे. पूर्वी मेदिनीपुर में विभिन्न स्थानों पर ऐसे इंतजाम किए गए हैं ताकि जिले के पुत्र का ब्रिगेड मैदान में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह सभी लोग देख सकें. विशाल स्क्रीन लगाई जा रही हैं.

Suvendu Adhikari Oath LIVE: भावुक हुए शुभेंदु अधिकारी के पिता

बेटे के मुख्यमंत्री बनने की सूचना पाकर वरिष्ठ नेता और शुभेंदु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी भावुक हो गए. अपने बेटे की सफलता पर उन्होंने कहा-यह हमारे लिए बहुत गर्व का दिन है. राज्य लंबे समय से चले आ रहे कुशासन से मुक्त हो गया है. मुझे उम्मीद है कि शुभेंदु आने वाले दिनों में बंगाल के विकास के लिए हर स्तर पर काम करेंगे.

Suvendu Adhikari Oath LIVE: ब्रिगेड ग्राउंड में निगरानी के लिए ड्रोन

सुरक्षा उद्देश्यों के लिए ब्रिगेड ग्राउंड को कुल 35 सेक्टरों में विभाजित किया गया है. प्रत्येक सेक्टर को मिलाकर एक ब्लॉक बनाया गया है. प्रत्येक ब्लॉक की सुरक्षा का जिम्मा एक आईपीएस अधिकारी के पास होगा. समग्र सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी स्वयं कोलकाता पुलिस आयुक्त द्वारा की जाएगी. प्रशासन ब्रिगेड मैदान में आयोजित होने वाले इस भव्य आयोजन की सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं करना चाहता. शपथ ग्रहण समारोह और विजय रैली के लिए पूरे मैदान परिसर में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है. कोलकाता पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय सुरक्षा बल भी सुरक्षा के लिए जिम्मेदार हैं. पूरे परिसर की ड्रोन से निगरानी की जा रही है.

पीएम मोदी के लिए बना आराम गृह

Suvendu Adhikari Oath LIVE: 40 विशेष अतिथि उपस्थित रहेंगे

मंच के सामने के ब्लॉक मुख्य रूप से विशेष अतिथियों के लिए आरक्षित हैं. इस कार्यक्रम में लगभग 40 विशेष अतिथि उपस्थित रहेंगे. उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण चौराहों और ब्रिगेड के बाहर ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी. इसके अलावा, मैदान के चारों ओर स्थित बहुमंजिला इमारतों की छतों पर पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे. कार्यक्रम में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की कड़ी जांच की जाएगी. चाहे आमंत्रित अतिथि हों या आम दर्शक, सभी के लिए सुरक्षा जांच अनिवार्य है. पुलिस सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि किसी को भी छाते, बैग या पानी की बोतलें लेकर मैदान में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. यदि कोई व्यक्ति ऐसी वस्तुएं लाता है, तो उसे गेट से वापस भेज दिया जाएगा.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Suvendu Adhikari Oath LIVE:ममता को दी करारी शिकस्त, मिला ईनाम

शुभेंदु अधिकारी की इस ताजपोशी के पीछे सबसे बड़ा कारण उनका ममता बनर्जी को उनके ही घर में मात देना रहा. 2021 में नंदीग्राम में ममता को हराने के बाद, इस बार शुभेंदु ने भवानीपुर में उन्हें 15 हजार से अधिक मतों के बड़े अंतर से पराजित किया. बंगाल के इतिहास में यह दुर्लभ उदाहरण है जब नेता प्रतिपक्ष ने सीधे मुख्यमंत्री को चुनाव में पटखनी दी हो. भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जो जमीन पर संघर्ष करेगा और दिग्गज प्रतिद्वंद्वी को चुनौती देगा, कमान उसी के हाथ में होगी.

Also Read: शुभेंदु अधिकारी का घर ‘शांतिकुंज’ छावनी में तब्दील, तीन करीबी की भी बढ़ी सुरक्षा

विज्ञापन
Ashish Jha

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola