कोलकाता नगर निगम के नये परिसीमन से नौ लाख करदाता होंगे प्रभावित, बदल जायेगा Assessee Numbers
कोलकाता नगर निगम
कोलकाता नगर निगम में वार्डों की संख्या बढ़ने के कारण लगभग 9 लाख संपत्ति करदाताओं के असेसी नंबर जल्द बदलने वाले हैं. नए वित्तीय वर्ष से नए नंबरों के आधार पर कर बिल जारी किए जाएंगे.
कोलकाता से शिव कुमार राउत की रिपोर्ट
कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के करीब 9 लाख संपत्ति करदाताओं के असेसी नंबर जल्द बदलने वाले हैं. हालांकि, यह बदलाव अचानक नहीं होगा. निगम के 144 वार्डों को बढ़ाकर 209 किये जाने के कारण संपत्ति करदाताओं के कर पहचान नंबर में भी बदलाव किया जायेगा. नये वित्तीय वर्ष से संपत्ति कर के बिल नये असेसी नंबर के आधार पर जारी किये जाने की योजना है.
दिसंबर तक हो सकते हैं चुनाव
प्रशासनिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोलकाता नगर निगम के चुनाव इसी वर्ष नवंबर दिसंबर में कराये जा सकते हैं. उससे पहले वार्डों परिसीमन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. इस संबंध में तैयार मसौदा आम लोगों के लिए जारी कर दिया गया है, जिस पर नागरिक अपनी आपत्ति और सुझाव दे सकते हैं. कोलकाता और हावड़ा के वार्ड पुनर्विन्यास से संबंधित विधेयक बुधवार को विधानसभा में पास किया गया है.
बनाये जा रहे कुल 65 नये वार्ड
वार्डों की संख्या बढ़ने से बड़ी संख्या में नागरिकों के वार्ड बदल जायेंगे. कुल 65 नये वार्ड बनाये जा रहे हैं. ऐसे में संपत्ति करदाताओं की पहचान से जुड़े असेसी नंबर में भी बदलाव जरूरी होगा. निगम के संपत्ति कर मूल्यांकन विभाग की ओर से चुनाव के बाद इस काम को शुरू करने की तैयारी है. नये वित्तीय वर्ष की शुरुआत से पहले नयी नंबर व्यवस्था तैयार कर ली जायेगी, ताकि उसी के आधार पर संपत्ति कर के बिल जारी किये जा सकें.
अधिसूचना जारी होने पर शुरू होगी प्रक्रिया
निगम के एक अधिकारी ने बताया कि वार्ड परिसीमन विधेयक के विधानसभा से पारित होने और नगर एवं शहरी विकास विभाग की ओर से अधिसूचना जारी होने के बाद ही असेसी नंबर बदलने की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो सकेगी. फिलहाल चालू वित्तीय वर्ष के लिए बिल पहले ही तैयार किये जा चुके हैं, इसलिए तत्काल नंबर बदलना संभव नहीं है.
आम करदाताओं पर असर नहीं
निगम के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, आम करदाताओं को इस बदलाव से विशेष परेशानी होने की संभावना नहीं है. हालांकि, जिन संपत्ति मालिकों ने कर संबंधी मामलों में ट्रिब्यूनल में मुकदमा दायर किया है या निर्धारित कर मूल्यांकन के खिलाफ आपत्ति दर्ज करायी है और मामला अभी विचाराधीन है, उन्हें पुराने और नये असेसी नंबर के बीच तालमेल बैठाने में कुछ दिक्कतें हो सकती हैं. सिर्फ असेसी नंबर ही नहीं बदलेगा, बल्कि कोलकाता के 65 नये वार्डों में 65 नये कर्मचारी भी तैनात किये जायेंगे.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
तेज होगी टैक्स संग्रह की प्रक्रिया
नये इलाकों में तैनात हुए कर्मचारी नये वार्डों के संपत्ति करदाताओं के साथ समन्वय कर टैक्स संग्रह की प्रक्रिया को आगे बढ़ायेंगे. नगर निगम का संपत्ति कर विभाग पिछले कुछ समय से विभिन्न सरकारी अभियानों, जनगणना और वार्ड परिसीमन के अलावा आयुष्मान भारत और अन्नपूर्णा योजना से जुड़े कार्यों में भी व्यस्त है. इसके चलते इस वर्ष संपत्ति कर संग्रह पर भी असर पड़ा है. अब चुनाव खत्म होने के बाद विभाग पूरी ताकत के साथ कर संग्रह और नयी असेसी नंबर व्यवस्था लागू करने की तैयारी में जुटेगा.
Also Read: कोलकाता-हावड़ा नगर निगम में बढ़ गये वार्ड, बंगाल विधानसभा में ध्वनि मत से बिल पास
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By आशीष झा
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










