रेजीनगर उपचुनाव : हुमायूं कबीर ने छोड़ी सीट, बेटे गुलाम नबी ने किया नामांकन,गैर-भाजपा दलों से मांगा समर्थन

Updated:
विज्ञापन

हुमायूं कबीर और गुलाम नबी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के विधायक हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद ने नामांकन दाखिल किया है. हुमायूं कबीर ने अपनी एक सीट बेटे के लिए छोड़ दी है.

विज्ञापन

कोलकाता से अमर शक्ति प्रसाद की रिपोर्ट

विज्ञापन

राज्य के अल्पसंख्यक बहुल मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर होनेवाले उपचुनाव के लिए आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के विधायक हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद ने बुधवार को एजेयूपी उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया.

हुमायूं कबीर ने छोड़ी सीट

हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हुमायूं कबीर मुर्शिदाबाद जिले की नाओदा और रेजीनगर, दोनों विधानसभा सीटों से निर्वाचित हुए थे. बाद में उन्होंने नाओदा सीट अपने पास रखने का फैसला किया, जिसके कारण रेजीनगर सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है.

एकजुट होने का आह्वान

नामांकन से पहले हुमायूं कबीर ने अप्रत्यक्ष रूप से अपने बेटे के समर्थन की अपील करते हुए राज्य के सभी गैर-भाजपा दलों से एकजुट होने का आह्वान किया. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के सभी गुटों, माकपा नीत वाम मोर्चा, कांग्रेस और ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट (एआइएसएफ) से रेजीनगर उपचुनाव में भाजपा के खिलाफ एक साझा विपक्षी उम्मीदवार उतारने की अपील की.

सदन में अभी है ये स्थिति

हुमायूं कबीर ने कहा- राज्य की 294 विधानसभा सीटों में विपक्ष के पास 86 विधायक हैं. इनमें तृणमूल कांग्रेस के 80, कांग्रेस के दो, माकपा के एक, एआइएसएफ के एक और एक मैं एजेयूपी से हूं. अगर ये 86 विधायक अपना अहंकार छोड़कर भाजपा के खिलाफ एकजुट हो जायें, तो 2026 में भी भाजपा को रोका जा सकता है.

मुख्य मुकाबला भाजपा से

नामांकन दाखिल करने के बाद गुलाम नबी आजाद ने कहा कि इस उपचुनाव में उनका मुख्य मुकाबला भाजपा से है. उन्होंने कहा कि रेजीनगर उपचुनाव में मेरा प्रमुख प्रतिद्वंद्वी भाजपा है, जैसा पिछले विधानसभा चुनाव में भी था. मुझे नहीं लगता कि कोई अन्य पार्टी इस चुनाव में कोई बड़ा कारक होगी.

गुलाम को जीत का भरोसा

गुलाम नबी आजाद ने अपनी जीत को लेकर पूरा भरोसा जताते हुए कहा- मैं अपनी जीत को लेकर 100 प्रतिशत आश्वस्त हूं. मेरे पिता ने इसी साल हुए विधानसभा चुनाव में रेजीनगर सीट पर जीत दर्ज की थी. हमारा परिवार लंबे समय से यहां राजनीति में सक्रिय है. मैं रेजीनगर के लोगों के साथ पहले भी था और आज भी हूं.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

मेरे पिता ही स्टार प्रचारक

मुझे विश्वास है कि रेजीनगर की जनता मेरे साथ खड़ी रहेगी. उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार में किसी सेलिब्रिटी को नहीं उतारा जायेगा. प्रचार केवल क्षेत्रीय और बूथ स्तर के नेता करेंगे. मेरे पिता भी प्रचार अभियान का हिस्सा होंगे. उन्होंने कहा कि उनके पिता ही उनके सबसे बड़े स्टार प्रचारक होंगे.

Also Read: शुभेंदु अधिकारी ने ठुकराई विश्व हिंदू परिषद की मांग, बोले- दुर्गा पूजा में मांसाहार पर रोक नहीं

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola