सत्ता में बैठे लोग पश्चिम बंगाल को मान रहे अलग देश : शमिक भट्टाचार्य

Updated:
विज्ञापन
सत्ता में बैठे लोग पश्चिम बंगाल को मान रहे अलग देश : शमिक भट्टाचार्य

बोले : 1500 रुपये से महिलाओं का कुछ नहीं होता, 3000 देने होंगे

विज्ञापन

बोले : 1500 रुपये से महिलाओं का कुछ नहीं होता, 3000 देने होंगे

कोलकाता. राज्य विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने रविवार को ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में कोई राज्य सरकार नहीं है, क्योंकि यहां सत्ता में बैठे लोग बंगाल को अलग देश मान रहे हैं. उन्होंने कहा कि अभी बंगाल में जो लोग सरकार चला रहे हैं, वे पश्चिम बंगाल को अलग देश की तरह देखते हैं. एक हिंदीभाषी भाजपा कार्यकर्ता द्वारा भाजपा का पोस्टर लगाने पर गिरफ्तार किये जाने से संबंधित एक पत्रकार के सवाल पर शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि सरकार में बैठे लोग यह मानते हैं कि बंगाल अलग राष्ट्र है. उन्होंने कहा कि अगर लंबे समय तक पश्चिम बंगाल में बांग्लाभाषी और गैर-बांग्लाभाषी लोगों के बीच भेदभाव का यह रवैया रहा, तो राज्य और लोगों को इसका खामियाजा भुगतना होगा. शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि सिर्फ नदिया जिले के हजारों की संख्या में प्रवासी श्रमिक हिंदीभाषी अन्य राज्यों में काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, यहां तक कि जिस राज्य को कभी बीमारू राज्य कहा जाता था, उस बिहार में भी कई प्रोजेक्ट में बड़ी संख्या में यहां के लोग काम करने के लिए जाते हैं. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि 1500 रुपये से महिलाओं का कुछ नहीं होगा. उन्हें कम से कम 3,000 रुपये हर महीने देने होंगे. शमिक भट्टाचार्य ने कहा : हमारी सरकार आने के बाद हम ऐसा करेंगे. भाजपा के विकसित बंगाल संकल्प पत्र अभियान से जुड़े एक सवाल के जवाब में शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि हमारा उद्देश्य सर्वव्यापी, सर्वसमावेशी और सर्वस्पर्शी सरकार तैयार करना है. इसलिए हमने 18 फरवरी तक सभी वर्गों के लोगों से सलाह मांगी है.

वहीं, शमिक भट्टाचार्य ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के साथ कोलकाता एयरपोर्ट पर महत्वपूर्ण बैठक की. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस बैठक के दौरान बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई. इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से चुनाव की तैयारियों के बारे में जानकारियां लीं.

विज्ञापन
Sandip Tiwari

लेखक के बारे में

By Sandip Tiwari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola