ePaper

मंगलाहाट : दो व्यापारियों के सिर पर गिरा लोहे का पाइप, गयी जान

Updated at : 11 Feb 2026 1:57 AM (IST)
विज्ञापन
मंगलाहाट : दो व्यापारियों के सिर पर गिरा लोहे का पाइप, गयी जान

शहर के मंगलाहाट में मंगलवार को एक बहुमंजिली इमारत की 12वीं मंजिल से लोहे का पाइप नीचे गिरने से दो व्यवसायियों की मौत हो गयी.

विज्ञापन

हावड़ा ट्रेड सेंटर बिल्डिंग की घटना, छत पर चल रहा था निर्माण कार्य

संवाददाता, हावड़ा

शहर के मंगलाहाट में मंगलवार को एक बहुमंजिली इमारत की 12वीं मंजिल से लोहे का पाइप नीचे गिरने से दो व्यवसायियों की मौत हो गयी. घटना दोपहर 12.30 बजे के करीब हावड़ा नगर निगम के मुख्यालय (एचएमसी) के पास बने हावड़ा ट्रेड सेंटर के पास हुई. मृतकों की पहचान शेख इरफान (35) और शेख खोखन (40) के तौर पर हुई है. इरफान कोलकाता के करया और खोखन दक्षिण 24 परगना के मथुरापुर के रहने वाले थे. घटना की खबर मिलते ही पुलिस आयुक्त आकाश मेघारिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. घटनास्थल को चारों तरफ से बैरिकेड कर दिया गया. बताया जा रहा है कि यह पाइप छत में जमा पानी को निकालने के लिए बिल्डिंग में पहले लगाया गया था. पाइप में जंग लगने के कारण यह टूट कर नीचे गिर गया और दो व्यवसायी इसकी चपेट में आ गये. घटना के समय बिल्डिंग की छत पर कुछ श्रमिक काम कर रहे थे. आखिर, किसकी लापरवाही से यह घटना हुई, इसका खुलासा अभी तक नहीं हुआ है. पुलिस जांच में जुटी है.

घटना के सिलसिले में क्या कहा पुलिस आयुक्त ने

पुलिस आयुक्त आकाश मेघारिया ने कहा : घटना की जांच चल रही है. जब हादसा हुआ, उस समय छत पर कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था. घटना के बाद काम कर रहे श्रमिक वहां से भाग गये. कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक को बुलाया गया है. हम उनसे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई करेंगे और दोषियों को गिरफ्तार करेंगे. राज्य के मंत्री और स्थानीय विधायक अरूप राय ने कहा: घटना दुखद है. इस घटना के लिए जिम्मेवार कौन हैं, इसकी जांच होनी चाहिए. पुलिस बिना देर किये दोषियों को जल्द गिरफ्तार करे. बताया जा रहा है कि इस बिल्डिंग में निगम के कुछ विभाग हैं. साथ ही यहां हाट व्यवसायी अपना सामान भी रखते हैं. व्यवसायियों के अनुसार, भवन के रख-रखाव का जिम्मा निगम के अधीन है. घटना के समय छत पर निर्माण कार्य चल रहा था. हावड़ा जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ नारायण चट्टोपाध्याय ने कहा कि पाइप सीधे दोनों के सिर पर गिरा था. घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गयी थी. सिर कई भागों में अलग हो चुका था.

कैसे हुई घटना

हावड़ा नगर निगम मुख्यालय के ठीक पीछे हावड़ा ट्रेड सेंटर नाम की एक बहुमंजिली इमारत है. मंगलवार को मंगलाहाट होने की वजह से इस जगह पर काफी भीड़ थी. हजारों की संख्या में ग्राहक खरीदारी करने मंगलाहाट पहुंचे थे. कपड़ा व्यवसायी शेख इरफान और शेख खोखन भी हाट में दुकान लगाने पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि हावड़ा ट्रेड सेंटर में एक गोदाम में इन दोनों ने अपना सामान रखा था. दोपहर करीब 12.30 बजे दोनों इस बिल्डिंग के नीचे खड़े थे. इसी समय बिल्डिंग की 12 वीं मंजिल से लोहे का एक पाइप सीधे नीचे दोनों के सिर पर जा गिरा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों का सिर टुकड़ों में बंट गया. चारों तरफ खलबली मच गयी. दीवार पर खून के धब्बे पड़ गये. ट्रेड सेंटर के पास भीड़ जुट गयी. किसी तरह दोनों को वहां से उठाकर हावड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. वहीं, इस घटना के बाद छत पर काम कर रहे सभी श्रमिक वहां से भाग निकले. हावड़ा ट्रेड सेंटर बिल्डिंग नगर निगम की जमीन पर बनी है.

विज्ञापन
AKHILESH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola