ePaper

मूड़ीगंगा नदी पर गंगासागर सेतु का जल्द होगा शिलान्यास : सीएम

Updated at : 02 Dec 2025 11:09 PM (IST)
विज्ञापन
मूड़ीगंगा नदी पर गंगासागर सेतु का जल्द होगा शिलान्यास : सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा : न्यूटाउन में दुर्गा आंगन का भी शिलान्यास इसी महीने

विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा : न्यूटाउन में दुर्गा आंगन का भी शिलान्यास इसी महीने

261 करोड़ की लागत से बनेगा दुर्गा आंगन

कोलकाता. गंगासागर मेले के लिए पुण्यार्थियों की यात्रा को और सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार ने मूड़ीगंगा नदी पर गंगासागर सेतु का निर्माण करने की योजना बनायी है. राज्य सरकार की ओर से जल्द ही सेतु निर्माण के लिए आधारशिला रखी जायेगी. यह घोषणा मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने दम पर मूड़ीगंगा नदी पर विशाल सेतु बना रही है. ममता ने कहा कि गंगासागर सेतु के लिए केंद्र को बोल-बोल कर मैं थक गयी. अंत में राज्य सरकार ने खुद अपने दम पर यह विशाल सेतु बनाने का निर्णय लिया था. बताया गया है कि करीब 1500 करोड़ रुपये की लागत से इस सेतु का निर्माण किया जायेगा और इसके लिए वर्तमान वित्त वर्ष में 500 करोड़ रुपये आवंटित किये गये हैं. जानकारी के अनुसार, यह कचुबेरिया को लॉट नंबर-8 से जोड़ेगा. ब्रिज निर्माण के लिए राज्य लोक निर्माण विभाग ने डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली है. ब्रिज के लिए मूड़ीगंगा के दोनों ओर (कचुबेरिया और लॉट नंबर आठ में) 12 एकड़ जमीन का अधिग्रहण कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है.

उल्लेखनीय है कि मकर संक्रांति पर हर साल लाखों तीर्थयात्री गंगासागर में पुण्यस्नान के लिए आते हैं. उन्हें लॉट नंबर आठ से कचूबेरिया तक स्टीमर से मुड़ी गंगा को पार करना पड़ता है. नदी मार्ग खतरों से भरा है. तीर्थयात्रियों की भीड़ और मौसम साफ नहीं होने के कारण हर साल कई स्टीमर नदी में भटक जाते हैं. हालांकि, सुरक्षाकर्मियों और सेना की तत्परता से अब तक कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है.

इस यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार ने मूड़ीगंगा पर गंगासागर सेतु का निर्माण करने का निर्णय लिया है.

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को घोषणा की कि कोलकाता से सटे न्यूटाउन में दुर्गा आंगन का शिलान्यास वह इसी महीने करेंगी. 2011 में सत्ता में आने के बाद से अपनी सरकार के काम का रिपोर्ट कार्ड पेश करने के मौके पर राज्य सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में ममता ने इसकी जानकारी दी. ममता ने दीघा में राज्य सरकार द्वारा नवनिर्मित जगन्नाथ मंदिर की तरह न्यूटाउन में भव्य दुर्गा आंगन बनाने की घोषणा 21 जुलाई को अपनी पार्टी की वार्षिक शहीद दिवस रैली के मंच से की थी. दीघा मंदिर की तरह इसके निर्माण की जिम्मेदारी राज्य के हाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड (हिडको) को दी गयी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यूटाउन में दुर्गा आंगन के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो गयी है.

दिसंबर में दुर्गा आंगन का काम शुरू हो जायेगा. राज्य कैबिनेट ने कई माह पहले ही इसके निर्माण की मंजूरी दे दी थी. इसके बाद हिडको ने 22 अगस्त को टेंडर मंगाये थे. इसके निर्माण पर अनुमानित लागत 261 करोड़ 98 लाख रुपये तय की गयी. दुर्गा आंगन का निर्माण कार्य दो साल के अंदर पूरा करने का लक्ष्य है. बताते चलें कि राज्य में कुछ माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ममता ने हाल में सिलीगुड़ी में एक विशाल महाकाल मंदिर बनाने की घोषणा भी की थी. ममता ने कहा कि स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय के लिए भी न्यूटाउन में जमीन दी गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SANDIP TIWARI

लेखक के बारे में

By SANDIP TIWARI

SANDIP TIWARI is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola