पीएम के नदिया दौरे पर सियालदह मंडल की तैयारी, कल चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें
Published by : SANDIP TIWARI Updated At : 19 Dec 2025 1:12 AM
सियालदह मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन का फैसला किया है.
कोलकाता. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 20 दिसंबर को नदिया जिले के दौरे को देखते हुए सियालदह मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन का फैसला किया है. रेलवे ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी. संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सियालदह–लालगोला और राणाघाट–कल्याणी सेक्शनों में विशेष व्यवस्था की गयी है. पूर्व रेलवे के अनुसार, 20 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे तक राणाघाट और लालगोला स्टेशनों के बीच चलने वालीं सभी ईएमयू और मेमू लोकल ट्रेनों को मार्ग के सभी स्टेशनों पर ठहराव देने के निर्देश जारी किये गये हैं. इसके अलावा कुछ स्पेशल ईएमयू ट्रेनों का भी परिचालन किया जायेगा. जानकारी के अनुसार, लालगोला–राणाघाट ईएमयू स्पेशल ट्रेन लालगोला स्टेशन से सुबह 6:30 बजे रवाना होकर 9:25 बजे राणाघाट पहुंचेगी. वहीं, कल्याणी–कृष्णानगर ईएमयू स्पेशल ट्रेनें कल्याणी से सुबह 7:40 बजे और 8:04 बजे प्रस्थान कर क्रमशः सुबह 8:36 बजे और 9:00 बजे कृष्णानगर पहुंचेंगी.
इसके साथ ही कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव भी दिया गया है. 13104 लालगोला–सियालदह भागीरथी एक्सप्रेस और 13118 लालगोला–कोलकाता धान-धान्य एक्सप्रेस बडकुल्ला और ताहिरपुर स्टेशनों पर अतिरिक्त रूप से रुकेंगी. 13113 कोलकाता–लालगोला हजारदुआरी एक्सप्रेस को कल्याणी, चाकदा, बडकुल्ला और ताहिरपुर स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिया जायेगा.
इसी क्रम में 31776 कृष्णानगर–कासिमबाजार ईएमयू लोकल ट्रेन 20 दिसंबर को लालगोला स्टेशन से सुबह 6:12 बजे रवाना होकर सुबह 8:55 बजे कलिनारायणपुर पहुंचेगी. यह ट्रेन मार्ग के सभी स्टेशनों पर रुकेगी. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री के नदिया दौरे के दौरान आम जनता की सुविधा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह अतिरिक्त इंतजाम किये गये हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










