बैंडेल स्टेशन बाजार स्थित आबकारी परिसर में भीषण आग

लपटों के साथ काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया और टायर फटने की तेज आवाजों से दहशत फैल गयी.
दो घंटे बाद पहुंचीं दमकल की तीन गाड़ियां, देरी पर नाराजगी हुगली. बैंडेल स्टेशन बाजार स्थित आबकारी विभाग परिसर में जब्त कर रखी गयी कई गाड़ियों में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया. लपटों के साथ काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया और टायर फटने की तेज आवाजों से दहशत फैल गयी. घटना की सूचना मिलते ही चुंचुड़ा थाना प्रभारी रामेश्वर ओझा के निर्देश पर बैंडेल पुलिस फांड़ी की टीम मौके पर पहुंची. हालांकि स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के लगभग दो घंटे बाद दमकल की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. दमकल के देर से पहुंचने को लेकर स्थानीय व्यवसायियों और निवासियों में नाराजगी देखी गयी. उनका कहना था कि आग लगने के काफी समय बाद तक दमकल विभाग नहीं पहुंचा. चुंचुड़ा के विधायक असित मजूमदार ने कहा कि आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को अवगत कराया गया था, लेकिन समय पर पहुंचना जरूरी था. उन्होंने आशंका जतायी कि आग की तीव्रता को देखते हुए समय रहते नियंत्रण नहीं होता, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जब्त पुराने वाहनों को बिना पर्याप्त निगरानी के परिसर में रखा जाता है और संभव है कि किसी वाहन से ही आग की शुरुआत हुई हो. उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और दमकल की देरी को चिंताजनक बताया. आदिसप्तग्राम पंचायत प्रधान रूमाराय पाल ने कहा कि आग लगने के बाद से ही लोग जानमाल की सुरक्षा में जुटे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि जब दमकल कर्मी आग बुझाने में लगे थे, तब कुछ भाजपा कार्यकर्ता दमकल के पाइप पर चढ़कर वीडियो बना रहे थे और कार्य में बाधा पहुंचा रहे थे. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




