ePaper

ममता ने कहा भाजपा ‘चरमपंथी संगठन’ है, नकवी ने किया पलटवार

Updated at : 22 Jun 2018 2:00 AM (IST)
विज्ञापन
ममता ने कहा भाजपा ‘चरमपंथी संगठन’ है, नकवी ने किया पलटवार

कोलकाता. मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने गुरुवार को नेताजी इंडोर स्टेडियम में पार्टी की कोर कमेटी की सभा में भाजपा पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने भाजपा को ‘चरमपंथी संगठन ‘ बताया जो लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने में लगी हुई है . उन्होंने चुनौती दी कि भाजपा उनकी पार्टी पर हमला […]

विज्ञापन
कोलकाता. मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने गुरुवार को नेताजी इंडोर स्टेडियम में पार्टी की कोर कमेटी की सभा में भाजपा पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने भाजपा को ‘चरमपंथी संगठन ‘ बताया जो लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने में लगी हुई है . उन्होंने चुनौती दी कि भाजपा उनकी पार्टी पर हमला करके दिखाये.
भारतीय जनता पार्टी की आलोचक रहीं ममता ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा पश्चिम बंगाल में वोट का प्रतिशत बढ़ाने के लिए इवीएम से छेड़छाड़ कर रही है. उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की कि अगले लोकसभा चुनाव की तैयारियां करें, क्योंकि इस पर पूरे देश की नजर है.
तृणमूल कांग्रेस की विस्तारित कोर समिति की बैठक में उन्होंने कहा : हम भाजपा की तरह चरमपंथी संगठन नहीं हैं. वे अहंकारी और असहिष्णु हैं. वे धार्मिक रूप से पक्षपाती हैं. वे मुस्लिमों , ईसाइयों , सिखों को पसंद नहीं करते. वे हिंदुओं में भी अगड़ी जाति और पिछड़ी जाति के लोगों के बीच भेदभाव करते हैं.
भाजपा पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा : वे मुठभेड़ की धमकी दे रहे हैं. चूंकि वे दिल्ली में सत्ता में हैं इसलिए वे बम बरसाने की बातें करते हैं. मैं उन्हें चुनौती देती हूं कि आएं और हमें छूकर दिखाएं. हम उन्हें औकात बता देंगे. पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने मंगलवार को कहा था कि अगर उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर तृणमूल कांग्रेस के लोग हमला करते हैं तो वे बर्दाश्त नहीं करेंगे और उन्होंने जवाबी हमले की धमकी दी थी.
ममता ने भाजपा , कांग्रेस , माकपा और माओवादियों पर आरोप लगाया कि बंगाल में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ हाथ मिला लिए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए भाजपा इवीएम से छेड़छाड़ कर रही है . उन्होंने कहा : मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम शुरू हो गया है, सुनिश्चित करिये की प्रक्रिया का पालन किया जाये. इवीएम से छेड़छाड़ करना भाजपा की आदत है. हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं को सतर्क रहना चाहिए और उनकी निगरानी करनी चाहिए.
महेशतला में मई में हुए विधानसभा उपचुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय इस्तेमाल किये गये 30 फीसदी इवीएम ठीक से काम नहीं कर रहे थे. उन्होंने कहा : केंद्र सरकार इवीएम मशीन से छेड़छाड़ करती है. हर मशीन की निगरानी करनी होगी. महेशतला में तृणमूल कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की थी. ममता ने अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं से लोगों से बड़े पैमाने पर जनसंपर्क करने के लिए कहा.
नकवी का ममता पर पलटवार
कोलकाता. भारतीय जनता पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा भाजपा को ‘चरमपंथी पार्टी’ कहे जाने की तीखी आलोचना करते हुए पलटवार किया है. केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ममता बनर्जी का बयान हंसी उड़ाने लायक है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग जब तक भाजपा को गाली न दें, तब तक उनका हाजमा ठीक नहीं होता. नकवी ने क​हा कि मुख्यमंत्री का यह बयान चोर मचाये शोर जैसा है.
जो खुद मिलिटेंट के साथ खड़ा हो, जो पार्टी मिलिटेंट और अराजक तत्वों की शरणस्थली बन गयी हो, वह दूसरे पर आरोप लगाकर अपने पाप छिपाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी जबसे सरकार में आयी हैं तबसे वहां माओवादी और अराजक तत्व समानांतर सरकार चला रहे हैं. ये लोग वहां बेखौफ होकर हिंसा कर रहे हैं.
टीएमसी अराजकतत्‍वों का सुरक्षित ठिकाना बन गयी है. केंद्रीय मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि अगर अमित शाह पश्चिम बंगाल चले जायें तो मुख्यमंत्री की नींद हराम हो जाती है. जब तक वह बंगाल से चले नहीं जाते तब तक उनकी कार की लोकेशन लेती रहती हैं. उनको डर रहता है कि कहीं वो उनकी सत्ता न हिला दें.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola