ePaper

विस चुनाव से पहले छिड़ा पोस्टर वॉर, लिखा : प्रियंका टिबड़ेवाल हटाओ, जामुड़िया बचाओ

Updated at : 08 Mar 2026 12:52 AM (IST)
विज्ञापन
विस चुनाव से पहले छिड़ा पोस्टर वॉर, लिखा :  प्रियंका टिबड़ेवाल हटाओ, जामुड़िया बचाओ

सियासी सरगर्मी. जगह-जगह भाजपा नेता प्रियंका के खिलाफ पोस्टर को लेकर भाजपा का तृणमूल पर हमला

विज्ञापन

तृणमूल विधायक का दावा : पोस्टरबाजी के पीछे भाजपा की अंदरूनी कलहजामुड़िया. पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान से पहले ही राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गयी है. पश्चिम बर्दवान जिले के जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की तेज-तर्रार नेता प्रियंका टिबड़ेवाल के खिलाफ जगह-जगह पोस्टर लगाये जाने से सियासी माहौल गरमा गया है. इन पोस्टरों में प्रियंका टिबड़ेवाल को जामुड़िया छोड़ने की चेतावनी दी गयी है, जिसे लेकर अब भाजपा व तृणमूल कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गयी है. ध्यान रहे कि प्रियंका टिबड़ेवाल बीते कई माह से जैसे रानीगंज में भाड़े के मकान में रह कर जामुड़िया अंचल में लगातार जन-संपर्क चला रही हैं, उससे आसार हैं कि जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र से उन्हें भाजपा का टिकट मिल सकता है. इसे लेकर विपक्ष में चर्चा तेज तो है ही,भाजपा के भी कुछ कार्यकर्ताओं को यह नागवार लग रहा है. कुछ भाजपाई मानते हैं कि भगवा पार्टी का टिकट पाने के दावेदार पुराने व कर्मठ कार्यकर्ता हैं, ना कि बाहर से आयी प्रियंका टिबड़ेवाल. समझा जाता है कि इन पोस्टरों के पीछे भाजपा का ही एक खेमा है, जैसा कि तृणमूल कांग्रेस भी मानती है.

मुझसे डरने लगी है तृणमूल : प्रियंका टिबड़ेवाल

इन पोस्टरों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता प्रियंका टिबड़ेवाल ने सत्ताधारी दल पर सीधा हमला बोला. कहा, जामुड़िया में पिछले पांच सालों में तृणमूल विधायक ने विकास का काम नहीं किया है. मैं यहां आकर लगातार उनकी नाकामियों और कोयला-बालू जैसे अवैध धंधों के जरिए भरी गई उनकी जेबों का सच जनता के सामने ला रही हूँ. यही वजह है कि टीएमसी के नेता मुझसे आतंकित हैं और इस तरह की ओछी राजनीति पर उतर आए हैं. उन्होंने आगे कहा कि तृणमूल का यह डर उन्हें अच्छा लगा और जामुड़िया की जनता व भाजपा कार्यकर्ता उनके साथ हैं, जो चुनाव में तृणमूल को करारा जवाब देंगे. वहीं, प्रियंका ने कहा कि उन्हें बाहरी बताया जा रहा है, पर यहां के विधायक तो खुद बिहार के बलिया जिले के रहनेवाले हैं.

यह भाजपा की गुटबाजी का नतीजा : हरेराम सिंह

इन आरोपों को सिरे से नकारते हुए जामुड़िया के विधायक हरेराम सिंह ने कहा कि इन पोस्टरों से तृणमूल का लेना-देना नहीं है. प्रियंका टिबड़ेवाल कोलकाता की रहनेवाली हैं और यहां आकर राजनीति कर रही हैं. संभव है कि स्थानीय भाजपा नेता अपना टिकट कटने के डर से उनके खिलाफ पोस्टर लगा रहे हों. यह पूरी तरह भाजपा की अंदरूनी कलह का मामला है. विधायक हरेराम सिंह ने अपने कार्यकाल का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में जामुड़िया में रिकॉर्ड विकास कार्य किये हैं. बीते पांच वर्षों में 100 करोड़ रुपयों के कार्य किये हैं, बकौल विधायक, “मैंने ना सिर्फ विधायक फंड, बल्कि एडीडीए(आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण), आसनसोल नगर निगम और जिला परिषद के माध्यम से क्षेत्र में बुनियादी ढांचा सुधारा है.

जनता ने हमारा काम देखा है और यहां से तृणमूल की जीत सुनिश्चित है. विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जामुड़िया में शुरू हुआ यह ””””पोस्टर वॉर”””” और आरोप-प्रत्यारोप का दौर आनेवाले दिनों में और भी उग्र हो सकता है.

विज्ञापन
GANESH MAHTO

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

GANESH MAHTO is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola