फॉर्म-7 जमा को लेकर दुर्गापुर में कटा बवाल

प्रतिवाद. एसडीओ ने फॉर्म जमा नहीं लिया, तो जीटी रोड पर अवरोध करने लगे भाजपाई, पुलिस के छूटे पसीने
दुर्गापुर. शहर के सिटी सेंटर स्थित महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय के पास सोमवार को एसआइआर फॉर्म-7 जमा करने को लेकर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के बीच तीखा विवाद हो गया. देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गये और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की एवं हाथापाई शुरू हो गयी. घटना से पूरे इलाके में तनाव फैल गया. सूचना पाते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारी भाजपाइयों को काबू करने में जुट गया. इस क्रम में दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लखन घरुई समेत कई भाजपाइयों को हिरासत में ले लिया गया.
एसडीओ कार्यालय के पास टकराव, लाठी-रॉड चलने के आरोप
विश्वस्त सूत्रों की मानें, तो मंगलवार को दोपहर भाजपा विधायक लखन घरुई समर्थकों के साथ एसडीओ कार्यालय पहुंचे थे. तब कार्यालय के सामने तृणमूल कांग्रेस की महिलाओं के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे. भाजपा समर्थकों के प्रवेश के दौरान तृणमूल कार्यकर्ताओं ने फॉर्म-7 की जांच की मांग की, जिसे लेकर विवाद हुआ और हंगामा होने लगा. आरोप है कि इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये और लाठी व रॉड का भी इस्तेमाल किया गया. न्यू टाउनशिप थाने की पुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन भीड़ उग्र हो गयी. भाजपा का आरोप, तृणमूल ने किया हमला ः भाजपा विधायक लखन घरुई और भाजपा नेता अमिताभ बनर्जी ने आरोप लगाया कि फॉर्म-7 जमा करने पहुंचे भाजपा समर्थकों पर तृणमूल के बदमाशों ने लाठी और रॉड से हमला किया. उनका दावा है कि इस घटना में करीब एक दर्जन भाजपा समर्थक घायल हुए हैं. भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जायेगा.
जीटी रोड जाम, पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने पियाला मंदिर के पास जीटी रोड जाम कर दिया. सड़क पर टायर जला कर करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया गया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. हालात काबू में लाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को हटाया और विधायक समेत दर्जनों भाजपाइयों को हिरासत में लिया.आरोपों को तृणमूल ने बताया निराधार
दूसरी ओर, भाजपा के आरोपों को तृणमूल जिला प्रवक्ता उज्ज्वल मुखर्जी ने खारिज कर दिया. कहा कि भाजपा समर्थक वैध वोटरों के नाम लेकर फॉर्म जमा करने आये थे. तृणमूल कार्यकर्ता सिर्फ फॉर्म देखने की बात कर रहे थे. किसी भाजपा कार्यकर्ता या समर्थक पर हमला नहीं किया गया है. घटना के बाद दुर्गापुर में राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गयी है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




