पुरुलिया में शोकाकुल महतो परिवार से मिले अभिषेक, न्याय के पक्ष में लगायी गुहार

Published by : GANESH MAHTO Updated At : 14 Feb 2026 1:23 AM

विज्ञापन

महाराष्ट्र पुलिस का जिक्र करते हुए तृणमूल नेता ने कहा, ‘‘अगर वे ऐसा नहीं कर सकते, तो मामला हमें सौंप दें.

विज्ञापन

पुरुलिया के भाजपा सांसद से की अपील, इंसाफ के लिए केंद्रीय गृहमंत्री व महाराष्ट्र के सीएम से करें बात दी चेतावनी, जल्द हत्यारोपी नहीं पकड़े गये, तो तृणमूल की टीम जायेगी महाराष्ट्र की अपील, मामले में अरेस्ट दो लोगों की बेल की अर्जी का महाराष्ट्र पुलिस करे पुरजोर विरोध कोलकाता/ पुरुलिया. पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को बंगाल के उस प्रवासी श्रमिक के परिजनों से पुरुलिया में जाकर मुलाकात की, जिसकी हाल ही में महाराष्ट्र राज्य के पुणे में हत्या कर दी गयी थी. उन्होंने पश्चिमी राज्य की पुलिस से शोकाकुल परिवार को न्याय दिलाने की मांग की. अभिषेक ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र पुलिस को पुरुलिया जिले के बांदवान निवासी प्रवासी सुखेन महतो (24) की हत्या के मामले में गिरफ्तार दो लोगों की जमानत याचिका का पुरजोर विरोध करना चाहिए. पुरुलिया में शोकाकुल महतो परिवार से मिलने के बाद तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र पुलिस को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि परिवार को न्याय मिले.” उन्होंने आगे कहा कि अगर आरोपी जमानत मांगते हैं, तो पुलिस को उनकी अर्जी का विरोध करना चाहिए. महाराष्ट्र पुलिस का जिक्र करते हुए तृणमूल नेता ने कहा, ‘‘अगर वे ऐसा नहीं कर सकते, तो मामला हमें सौंप दें. हम 50 दिनों के अंदर मामले को सुलझा लेंगे.’’ अभिषेक बनर्जी ने आगे कहा कि पुरुलिया में भाजपा के सांसद हैं और महाराष्ट्र एक भाजपा शासित राज्य है, लिहाजा उन्होंने भाजपा नेता से इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया. बकौल अभिषेक, ‘‘मैं चाहता हूं कि पुरुलिया के भाजपा सांसद दलगत राजनीति से परे जाकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री व केंद्रीय गृहमंत्री से शोक-संतप्त महतो परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए बात करें.” तृणमूल के सेनापति माने जानेवाले अभिषेक ने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाएं ज्यादातर भाजपा शासित राज्यों में हो रही हैंं. पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता जनहित से ऊपर राजनीति को प्राथमिकता देते हैं. इसलिए ऐसे गंभीर आपराधिक मामले हो रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि ज्यादातर समय यहां के भाजपा नेता बंगाल से संबंधित निधि को रोकने के लिए दिल्ली में डेरा डाले रहते हैं. उन्हें उम्मीद है कि वह (पुरुलिया सांसद) पार्टी की राजनीति से ऊपर उठकर इस मामले को उठाएंगे. तृणमूल सांसद ने चेतावनी दी कि अगर सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो पार्टी पश्चिमी राज्य महाराष्ट्र में एक टीम भेजेगी. पुलिस के मुताबिक, यह घटना नौ फरवरी को कोरेगांव के शिकारपुर पुलिस थाना क्षेत्र में हुई थी और इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

विज्ञापन
GANESH MAHTO

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola