तृणमूल सरकार सिर्फ पार्टी के लिए
देबरा/कोलकाता: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि यह केवल पार्टी के लिए काम करती है और बदलाव लाने में नाकाम रही है. उन्होंने कहा कि लाल झंडा हरा झंडा हो गया है, लेकिन कोई बदलाव नहीं आया है. राहुल ने घाटाल संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस […]
देबरा/कोलकाता: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि यह केवल पार्टी के लिए काम करती है और बदलाव लाने में नाकाम रही है. उन्होंने कहा कि लाल झंडा हरा झंडा हो गया है, लेकिन कोई बदलाव नहीं आया है.
राहुल ने घाटाल संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस के प्रत्याशी डॉ मानस रंजन भुइंया के समर्थन में यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा : हम गरीबों के लिए काम करना चाहते हैं और उन्हें साथ लाना चाहते हैं लेकिन यहां की सरकार (अपनी) पार्टी के लिए काम करती है. अगर आप तृणमूल के कार्यकर्ता नहीं हैं तो आपको राज्य में कोई लाभ नहीं मिलेगा. उन्होंने कहा : अगर आप किसी अन्य दल के हैं तो आपको पीटा जायेगा. आपको दबाया जायेगा और लोकतांत्रिक तरीके से काम नहीं किया जायेगा. उन्हांेने आरोप लगाया कि पहले वामदल समर्थकों द्वारा पीटे गये कांग्रेसी कार्यकर्ता अब सत्तारुढ़ पार्टी के लोगों द्वारा पीटे जा रहे हैं. गांधी ने कहा : जब हमने यहां तृणमूल के साथ काम किया, हमने सोचा था कि हम वाम मोरचे को हटा देंगे, लाल झंडे हटा देंगे और ऐसी नयी सरकार लायेंगे, जो विकास के लिए काम करेगी. उन्होंने कहा : यह दुख की बात है कि लाल झंडे हटा दिये गये, हरे झंडे आ गये लेकिन राज्य में कुछ नहीं बदला. भ्रष्टाचार के मुददे पर उन्होंने कहा कि यह निरंतर जारी है.
उन्होंने कहा : सारधा चिटफंड घोटाले से 20 लाख लोग प्रभावित हुए. गरीब लोग प्रभावित हुए. स्कूल शिक्षक भरती घोटाले में अनियमितताएं पायी गयीं, जहां 35 हजार शिक्षकों की भरती हुई. उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस आरोप को खारिज किया कि केंद्र ने राज्य को धन नहीं दिया. उन्होंने कहा : हम दिल्ली से करोड़ों रुपये भेजते हैं.हमने जितना धन भेजा वह पिछली राजग सरकार द्वारा दिये गये धन का पांच गुना है. वे पांच हजार करोड़ रुपये देते थे, जबकि हमने पश्चिम बंगाल को 26 हजार करोड़ रुपये दिये. उन्होंने आरोप लगाया : वह (ममता) कह रही हैं कि हम धन नहीं भेज रहे हैं लेकिन तथ्य यह है कि वे धन का उपयोग नहीं करते हैं. राहुल ने कहा कि राज्य की पिछली वाममोरचा सरकार और वर्तमान ममता सरकार ने रोजगार देने की बात कही लेकिन कुछ नहीं हुआ.
उन्होंने कहा : यहां लोगों को मनरेगा के तहत केवल 35 दिन का काम मिलता है जबकि देश के अन्य भागों में लोगों को सौ दिन का काम मिलता है. उन्होंने वादा किया कि तीसरी बार सत्ता में आने पर कांग्रेस नीत सरकार स्वास्थ्य सेवा का अधिकार, आश्रय का अधिकार और गरीबों के लिए पेंशन देगी. गांधी ने भारत में उत्पादन बढ़ाने की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि हो सकता है कि ममता बनर्जी की चप्पल पर ‘मेड इन चाइना’ का टैग लगा हो. महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामले में गांधी ने कहा कि उन्हें दुख है कि पश्चिम बंगाल महिलाओं के खिलाफ हिंसा की सूची में शीर्ष पर है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










