अधिकारी बनना है तो देर न करें! फ्री कोचिंग से 74 अभ्यर्थियों ने UPPSC Mains में मारी बाजी, यूपी सरकार दे रही मौका, साथ में मिलेगी ये सुविधाएं, जानें आवेदन का पूरा प्रोसेस
74 अभ्यर्थियों ने UPPSC-2025 की मुख्य परीक्षा में किया सफलता हासिल
UPPSC News: यूपी सरकार की निःशुल्क कोचिंग से 74 अभ्यर्थियों ने UPPSC मेंस में सफलता हासिल की है. जानें इस योजना से कैसे मिलेगी अफसर बनने की राह और आवेदन प्रक्रिया.
UPPCS News: अगर मेहनत और तैयारी मजबूत हो तो आर्थिक तंगी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती. उत्तर प्रदेश सरकार की निःशुल्क कोचिंग योजना इसका उदाहरण बनकर सामने आई है. समाज कल्याण विभाग के पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्रों और भागीदारी भवन स्थित कोचिंग से मुफ्त प्रशिक्षण लेने वाले 74 अभ्यर्थियों ने UPPSC-2025 की मुख्य परीक्षा में सफलता हासिल की है. अब ये सभी अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया के अगले चरण यानी इंटरव्यू में शामिल होंगे.
तीन केंद्रों से 74 अभ्यर्थियों ने हासिल की सफलता
समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक आनंद कुमार सिंह के मुताबिक, भागीदारी भवन स्थित कोचिंग के 35 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में सफल हुए हैं. वहीं अलीगंज स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र से 18 और हापुड़ स्थित राजकीय IAS/PCS कोचिंग केंद्र से 21 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है. इन केंद्रों से इतनी संख्या में अभ्यर्थियों का मुख्य परीक्षा में सफल होना विभाग की मुफ्त प्रशिक्षण व्यवस्था के परिणाम के तौर पर देखा जा रहा है.
कोचिंग के साथ मिलती हैं कई सुविधाएं
प्रदेश में समाज कल्याण विभाग की ओर से 8 आवासीय कोचिंग केंद्र संचालित किए जा रहे हैं. योजना के तहत पात्र अभ्यर्थियों को सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि आवासीय सुविधा के साथ मेस, पुस्तकालय, इंटरनेट, टेस्ट सीरीज और अध्ययन सामग्री जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं. इसके अलावा मनोरंजन, खेलकूद और जिम की सुविधा भी दी जाती है.
इंटरव्यू की तैयारी के लिए मॉक इंटरव्यू
मुख्य परीक्षा पास करने के बाद अभ्यर्थियों को अगले चरण की तैयारी में भी सहायता दी जाती है. इंटरव्यू में बेहतर प्रदर्शन के लिए मॉक इंटरव्यू की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है. इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों को वास्तविक साक्षात्कार के माहौल से परिचित कराना और उनकी तैयारी को और मजबूत करना है.
मंत्री ने सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई
समाज कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने UPPSC मुख्य परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि प्रतिभावान युवाओं को उनकी आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. विभागीय केंद्रों से 74 अभ्यर्थियों की सफलता को उन्होंने इसी प्रयास का परिणाम बताया.
सालाना 6 लाख रुपये तक आय वाले अभ्यर्थी पात्र
योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थियों के परिवार की वार्षिक आय 6 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए. पात्र अभ्यर्थियों का चयन होने पर उन्हें कोचिंग के साथ अन्य सुविधाओं का भी लाभ मिलता है. योजना के लिए आवेदन समाज कल्याण विभाग की ओर से समय-समय पर जारी किए जाते हैं.
फ्री कोचिंग के लिए ऐसे करें आवेदन
जो अभ्यर्थी इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, उन्हें समाज कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले आवेदन नोटिफिकेशन पर नजर रखनी होगी. आवेदन प्रक्रिया और पात्रता से जुड़ी जानकारी विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में दी जाती है. चयन होने के बाद अभ्यर्थियों को संबंधित प्रशिक्षण केंद्र में निःशुल्क कोचिंग और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ मिलता है. यह भी देखें: Fingerprint-Retina ने बढ़ाई ऐसी उलझन कि सिस्टम ने जुड़वां बहन को माना डुप्लीकेट, फिर रामपुर DM ने निकाला ऐसा रास्ता...
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए