यूपी में अक्टूबर से होगी धान की खरीदी , इतने रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा भाव, 22 जगहों पर खुलेंगे क्रय केंद्र
अक्टूबर से धान की खरीद, किसानों को मिलेगा 2441 प्रति क्विंटल भाव
UP Paddy Procurement: एटा में धान खरीद अक्टूबर से शुरू हो रही है, जिसमें किसानों को 2441 रुपये प्रति क्विंटल का नया भाव मिलेगा. जिले में 22 क्रय केंद्र बनाए जा रहे हैं.
UP Paddy Procurement: उत्तर प्रदेश में धान की फसल तैयार होने के साथ ही सरकारी खरीद की तैयारियां भी तेज हो गई हैं. एटा जिले में अक्टूबर से किसानों से धान की खरीद शुरू होगी. इस बार किसानों के लिए राहत की बात यह है कि धान का खरीद मूल्य पिछले साल के मुकाबले बढ़ाया गया है. किसानों से 2441 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जाएगा. खरीद के लिए जिले में 22 क्रय केंद्र बनाए जा रहे हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में ज्यादा परेशानी न हो.
एटा में 22 जगहों पर होगी धान की खरीद
धान खरीद को लेकर विभाग की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. जिले में कुल 22 स्थानों पर क्रय केंद्र बनाए जाएंगे. इनमें से 5 क्रय केंद्र मंडी समिति में संचालित होंगे. मंडी समिति में केंद्र बनाए जाने से आसपास के किसानों को अपनी उपज लेकर दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. किसान आसानी से धान को निर्धारित केंद्र तक पहुंचाकर सरकारी खरीद प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे.
इस बार 2441 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा भाव
इस साल धान खरीद की दर में बढ़ोतरी की गई है. किसानों से 2441 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से धान खरीदा जाएगा. बढ़े हुए खरीद मूल्य से किसानों को अपनी उपज का बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है. विभाग की ओर से खरीद के लिए जरूरी संसाधन भी पिछले साल की तुलना में अधिक जुटाने की तैयारी है, ताकि खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाया जा सके.
पिछले साल 2370 रुपये था खरीद मूल्य
पिछले साल किसानों से धान की खरीद 2370 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की गई थी. इस बार यह रकम बढ़ाकर 2441 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है. यानी पिछले साल की तुलना में इस बार किसानों को प्रति क्विंटल 71 रुपये ज्यादा मिलेंगे. बढ़े हुए मूल्य को किसानों के लिए राहत के तौर पर देखा जा रहा है.
खरीद से पहले किसानों का पंजीकरण जरूरी
धान बेचने वाले किसानों के पंजीकरण को लेकर भी विभाग की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. किसानों से संपर्क कर उन्हें समय रहते पंजीकरण कराने के लिए कहा जा रहा है. जिला विपणन अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि धान खरीद के लिए क्रय केंद्रों के निर्धारण का काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अक्टूबर से किसानों से धान की खरीद शुरू होगी और पंजीकरण के लिए किसानों से संपर्क किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए