23 अक्टूबर को वोटिंग, 27 को आएंगे नतीजे! यूपी एमएलसी चुनाव का पूरा शेड्यूल जारी, जानें कौन-कौन से दिग्गज आमने-सामने?
23 अक्टूबर को मतदान, 27 अक्टूबर को आएगा रिजल्ट
UP MLC Election 2026: यूपी विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव का कार्यक्रम जारी हो गया है. 29 सितंबर से नामांकन शुरू, 23 अक्टूबर को मतदान. जानें बीजेपी और अन्य दलों की क्या है रणनीति.
UP MLC Election 2026: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव का कार्यक्रम जारी हो गया है. इन सभी सीटों पर 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी. चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन की प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है. इन सीटों पर चुनाव के साथ ही शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं. 11 मौजूदा एमएलसी का कार्यकाल 6 दिसंबर को पूरा होने वाला है, जिसके बाद इन सीटों पर नए सदस्यों का चुनाव होगा.
11 सीटों पर किसका खत्म हो रहा कार्यकाल?
जिन एमएलसी का कार्यकाल पूरा होने वाला है, उनमें अवनीश कुमार सिंह, आशुतोष सिन्हा, मानवेंद्र प्रताप सिंह, दिनेश गोयल, मान सिंह यादव, उमेश द्विवेदी, लाल बिहारी यादव, आकाश अग्रवाल, हरि सिंह ढिल्लो, ध्रुव कुमार त्रिपाठी और श्रीचंद्र शर्मा शामिल हैं. इनमें शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं. अब इन सीटों पर नए सिरे से चुनाव होगा.
बीजेपी पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है
इन 11 सीटों के चुनाव के लिए बीजेपी पहले ही पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है. पार्टी ने इन सीटों पर मौजूदा एमएलसी को ही दोबारा प्रत्याशी बनाया है. रिपोर्टों के मुताबिक इन 11 सीटों में से छह सीटें बीजेपी के पास, तीन समाजवादी पार्टी के पास, जबकि एक-एक सीट शिक्षक दल और निर्दलीय के पास है. बीजेपी की पांच घोषित सीटों की पुष्टि पूर्व रिपोर्टों में भी हुई थी.
छह सीटों पर अब भी दावेदारी का दौर
बाकी छह सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर दावेदारियां सामने आ रही हैं. इनमें गोरखपुर शिक्षक सीट को लेकर कई नाम चर्चा में हैं. यहां माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के मौजूदा एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी बीजेपी से दावेदारी कर रहे हैं. पिछले चुनाव में उन्हें बीजेपी का बाहरी समर्थन मिला था और पार्टी ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था. वहीं अजय सिंह भी एक बार फिर बीजेपी से टिकट मांग रहे हैं. इसके अलावा ग्रेजुएट सीट से चुनाव लड़ चुके संजयन त्रिपाठी अब शिक्षक सीट से दावेदारी कर रहे हैं.
प्रयागराज सीट पर भी कई नाम
प्रयागराज ग्रेजुएट सीट पर माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के अध्यक्ष सुरेश त्रिपाठी और कई बार एमएलसी रह चुके यज्ञदत्त शर्मा के बेटे मलज शर्मा भी टिकट के दावेदार बताए जा रहे हैं. इन सीटों पर अंतिम उम्मीदवारों को लेकर तस्वीर आगे और साफ होगी.
वाराणसी में शिक्षक और स्नातक सीट पर कई दावेदार
वाराणसी शिक्षक सीट से रमेश सिंह, डॉ. महेंद्र नाथ राय और डॉ. हरेंद्र राय के नाम दावेदारी में बताए जा रहे हैं. वहीं वाराणसी स्नातक सीट से तीन बार एमएलसी रह चुके केदार नाथ सिंह, यूपी बोर्ड के क्षेत्रीय सचिव रह चुके विनोद राय और संजय सिंह दावेदारी कर रहे हैं.
आगरा और मेरठ में भी टिकट की दौड़
आगरा शिक्षक सीट पर चंदेल गुट के आकाश अग्रवाल बीजेपी से दावेदारी कर रहे हैं. इसके अलावा कर्मचारी नेता हरकिशोर तिवारी और दिनेश वशिष्ठ भी टिकट की दौड़ में बताए जा रहे हैं. वहीं मेरठ ग्रेजुएट सीट पर मौजूदा एमएलसी दिनेश गोयल और अनिल अग्रवाल के नाम दावेदारों में शामिल हैं.
क्या है पूरा चुनाव कार्यक्रम?
यूपी की 11 विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 29 सितंबर से नामांकन शुरू होगा, 6 अक्टूबर नामांकन की अंतिम तारीख होगी, 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी. चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जानी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए