UP Electricity: राजधानी के 57 गांवों में अब नहीं रहेगा बिजली का संकट! बिछेगा नया नेटवर्क, जानें पूरी योजना
हजारों परिवारों को मिलेगी राहत
UP Electricity: लखनऊ के 57 गांवों और मजरों में अब बिजली का नया नेटवर्क बिछेगा. सौभाग्य योजना पार्ट-तीन के तहत इन इलाकों में एचटी-एलटी खंभे, ट्रांसफार्मर और एरियल बंच कंडक्टर (एबीसी) लगाए जाएंगे. दिसंबर 2026 तक हजारों परिवारों को मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति.
UP Electricity: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के 57 गांवों और मजरों के लोगों के लिए राहत की खबर है. इन इलाकों में अब बिजली का नया नेटवर्क बिछाया जाएगा. इसके तहत एचटी-एलटी बिजली के खंभे, ट्रांसफार्मर और एरियल बंच कंडक्टर (एबीसी) लगाए जाएंगे. इससे मोहनलालगंज, बीकेटी, सरोजनीनगर और मलिहाबाद क्षेत्र के हजारों परिवारों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी. लेसा ने दिसंबर 2026 तक सभी चिन्हित गांवों और मजरों को नए नेटवर्क से जोड़ने का लक्ष्य रखा है.
115 गांवों के सर्वे के बाद 57 का चयन
सौभाग्य योजना पार्ट-तीन के तहत लखनऊ में 115 गांवों और मजरों का सर्वे कराया गया था. सर्वे के बाद 57 गांवों और मजरों को चिन्हित किया गया, जहां कुछ घरों या आबादी का अभी तक विद्युतीकरण नहीं हुआ है. इनमें अमौसी जोन के 50 और जानकीपुरम जोन के सात गांव-मजरे शामिल हैं. इन क्षेत्रों में बिजली का बुनियादी ढांचा तैयार करने के लिए एचटी-एलटी खंभे और ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे.
छह या अधिक परिवार वाले मजरे प्राथमिकता में
विद्युतीकरण के इस अभियान में छह या उससे अधिक परिवारों वाले गांवों और मजरों को प्राथमिकता दी गई है. समेसी, गोसाईगंज, निगोहां, मोहनलालगंज, रहीमाबाद, माल, मलिहाबाद, दुबग्गा, काकोरी और बीकेटी उपकेंद्र से जुड़े ऐसे इलाकों को चिन्हित किया गया है. विभाग का कहना है कि इस पहल से दूर-दराज के छोटे मजरों तक भी बिजली का नेटवर्क पहुंचाया जा सकेगा.
एरियल बंच कंडक्टर से मिलेगी बिजली सप्लाई
लेसा अधिकारियों के मुताबिक चिन्हित गांवों और मजरों में एचटी-एलटी खंभों के साथ ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे. इसके अलावा एरियल बंच कंडक्टर यानी एबीसी बिछाकर बिजली सप्लाई मुहैया कराई जाएगी. अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार ने बताया कि जिन गांवों और मजरों में छह या अधिक परिवार रहते हैं, वहां बिजली का नेटवर्क विकसित किया जा रहा है. विभाग का लक्ष्य दिसंबर 2026 तक सभी 57 गांवों और मजरों को नए नेटवर्क से जोड़कर बिजली आपूर्ति शुरू करना है.
इंदिरानगर में केबल फॉल्ट, गोसाईगंज में ब्रेकडाउन
मंगलवार को उमस भरी गर्मी के बीच राजधानी के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई. इंदिरानगर में शाम को अंडरग्राउंड केबल फॉल्ट होने से बड़े इलाके में अंधेरा छा गया. लेसा के इंदिरानगर सेक्टर-14 (ओल्ड) उपकेंद्र के 11 केवी चर्च रोड फीडर में शाम करीब 6:15 बजे केबल फॉल्ट हो गई. पीक आवर्स में बिजली गुल होने से सी और डी-ब्लॉक समेत आसपास के इलाकों के लोग परेशान रहे. बिजली कटने से घरों में पानी का संकट भी खड़ा हो गया. दूसरी ओर, गोसाईगंज में सुबह ब्रेकडाउन के कारण खुर्दही बाजार और आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही. रिपोर्ट के मुताबिक इससे करीब एक लाख आबादी को घंटों बिजली और पानी की परेशानी का सामना करना पड़ा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए