VIDEO बनाने के लिए 15 फीट के अजगर के करीब पहुंच गई भीड़, चित्रकूट के पॉश इलाके में मचा हड़कंप, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
VIDEO बनाने के लिए 15 फीट के अजगर के करीब पहुंच गई भीड़(AI)
UP News: शहर के पॉश इलाके में तब हड़कंप मच गया जब नाले के पास 10 से 15 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया. लोग उसकी तस्वीरें और वीडियो बनाने के लिए करीब पहुंच गए, जिससे अफरातफरी मच गई. वन विभाग की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ा और जंगल में छोड़ दिया.
UP News: शहर के पॉश इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कलेक्ट्रेट रोड पर नाले के पास 10 से 15 फीट लंबा विशालकाय अजगर दिखाई दिया. अजगर को देखते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. हैरानी की बात यह रही कि कई लोग उसकी तस्वीर और VIDEO बनाने के लिए जान की परवाह किए बिना उसके बेहद करीब पहुंच गए. मामला कलेक्ट्रेट रोड स्थित एक कॉलेज के दूसरे गेट के पास का है. देर शाम एक राहगीर की नजर नाले के पास बैठे अजगर पर पड़ी. देखते ही देखते इसकी खबर आसपास फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. कुछ लोग दूर खड़े होकर अजगर को देखते रहे, जबकि कई लोग मोबाइल निकालकर VIDEO बनाने में जुट गए.
अजगर के बेहद करीब पहुंची भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
विशालकाय अजगर को देखने की लोगों में ऐसी उत्सुकता थी कि कई लोग उसके बिल्कुल करीब पहुंच गए. इससे मौके पर अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को अजगर से दूर कराया. इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई.
वन विभाग की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद पकड़ा
सूचना मिलते ही कर्वी क्षेत्र के रेंजर और वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. टीम ने सावधानी के साथ अजगर को पकड़ने का अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद विशालकाय अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया. इसके बाद उसे रिहायशी इलाके से दूर जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया.
बारिश-बाढ़ के बाद जंगल से निकलकर आबादी में पहुंचा अजगर?
डीएफओ प्रत्यूष कुमार कटियार के मुताबिक, रेस्क्यू किया गया अजगर वयस्क इंडियन रॉक पाइथन था और उसकी लंबाई करीब 10 से 15 फीट थी. वन विभाग के अनुसार यह प्रजाति सामान्य तौर पर जंगल में पाई जाती है. हाल में हुई बारिश और बाढ़ के कारण इसके प्राकृतिक आवास से निकलकर रिहायशी इलाके तक पहुंचने की संभावना जताई गई है. फिलहाल वन विभाग ने अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया है. घटना के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा अजगर से ज्यादा उसके VIDEO बनाने के लिए उसके करीब पहुंची भीड़ की रही.
यह भी पढ़ें: कुशवाहा-सैनी-मौर्य-शाक्य सवाल न करें! वायरल वीडियो ने मचाया बवाल, अखिलेश के PDA फॉर्मूले पर उठे बड़े सवाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए