UP Electricity: न बिल जमा किया, न अब तक भुगतान! 42 लाख बिजली उपभोक्ताओं ने क्यों नहीं भरा बिल, अब चेतावनी वाले फोन, जानें पूरा मामला
यूपी में बिजली बिल पर बढ़ी सख्ती
UP Electricity Bill: उत्तर प्रदेश में 42.86 लाख बिजली उपभोक्ताओं पर 3617 करोड़ रुपये का बिल बकाया है. बिजली विभाग अब इन बकायेदारों से फोन पर संपर्क कर रहा है और समय पर भुगतान न करने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी जा रही है.
UP Electricity Bill: उत्तर प्रदेश में 42,86,703 बिजली उपभोक्ताओं ने अब तक कभी बिल जमा नहीं किया है. इन पर कुल 3617 करोड़ रुपये बकाया हैं. बिजली विभाग अब बकाया वसूली के लिए उपभोक्ताओं से फोन पर संपर्क कर रहा है. प्रयागराज में बुधवार से ऐसे उपभोक्ताओं को बिल जमा करने की सलाह के साथ कनेक्शन कटने की चेतावनी दी जा रही है.
42.86 लाख उपभोक्ताओं पर 3617 करोड़ का बकाया
आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2026 तक प्रदेश में करीब 3.61 करोड़ बिजली उपभोक्ता हैं. इनमें 56.65 लाख उपभोक्ताओं ने एक बार भी बिजली बिल जमा नहीं किया था. इनमें से 13.78 लाख उपभोक्ताओं ने बाद में बिजली बिल जमा कर दिया या उनके कनेक्शन काट दिए गए. अब 42.86 लाख उपभोक्ता ऐसे बचे हैं, जिन्होंने कभी बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है.पूर्वांचल में सबसे ज्यादा ऐसे उपभोक्ता.
पूर्वांचल में सबसे ज्यादा, 20.67 लाख ने नहीं भरा बिल
एक बार भी बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या अलग-अलग क्षेत्रों में अलग है. पश्चिमांचल में 1.11 लाख, दक्षिणांचल में 6.47 लाख, मध्यांचल में 14.60 लाख और पूर्वांचल में 20.67 लाख उपभोक्ताओं ने कभी बिजली बिल जमा नहीं किया है. वहीं केस्को कानपुर में ऐसे उपभोक्ताओं की संख्या 631 है. इन आंकड़ों में पूर्वांचल में ऐसे उपभोक्ताओं की संख्या सबसे ज्यादा है.
प्रयागराज में बकायेदारों को फोन करना शुरू
बिजली बिल की वसूली को लेकर प्रयागराज में विभाग ने बुधवार सुबह से बकाया वाले उपभोक्ताओं को फोन करना शुरू कर दिया है. एसडीओ कार्यालय से बिजली कर्मचारी उपभोक्ताओं से संपर्क कर उन्हें बकाया बिल जमा करने की जानकारी दे रहे हैं. फोन पर उपभोक्ताओं से कहा जा रहा है कि वे समय रहते अपना बिजली बिल जमा कर दें. विभाग की ओर से बताया जा रहा है कि बकाया रहने पर बिजली कनेक्शन काटा जा सकता है. कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं को कनेक्शन कटने से बचने के लिए समय रहते भुगतान करने की सलाह दी है.
गलत बिल की शिकायतें भी जल्द दूर करने की मांग
राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने उपभोक्ताओं से बकाया बिजली बिल जमा करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि समय पर बिजली बिल जमा होने से प्रदेश की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी. हालांकि, उपभोक्ता परिषद ने पावर कॉरपोरेशन से गलत बिजली बिल की समस्याओं का जल्द समाधान करने की भी मांग की है. परिषद के मुताबिक, कई उपभोक्ता ऐसे हैं जो गलत बिल ठीक नहीं होने के कारण भुगतान नहीं कर रहे हैं. ऐसे मामलों में पावर कॉरपोरेशन को बिल की गड़बड़ियां जल्द दूर करनी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को सही बिल मिले और वे समय पर उसका भुगतान कर सकें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए