बरेली DM का सख्त संदेश- काम करो या वेतन भूल जाओ, 9 अधिकारियों पर कार्रवाई
जिलाधिकारी अविनाश सिंह
UP News: बरेली में जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने 9 अधिकारियों का वेतन रोकने और 26 को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया है. यह कार्रवाई जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त फीडबैक के आधार पर की गई है.
UP News: बरेली में जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. जुलाई 2026 में जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण के बाद मिले फीडबैक की समीक्षा में कई विभागों का प्रदर्शन बेहद खराब पाया गया. इसके बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने 9 अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश दिए, जबकि 26 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है.
9 अधिकारियों की सैलरी पर लगी रोक
डीएम की कार्रवाई उन अधिकारियों पर हुई जिनका शिकायत निस्तारण के बाद संतुष्टि फीडबैक शून्य रहा. वेतन रोके गए अधिकारियों में अधिशासी अभियंता ग्रामीण विद्युत प्रथम, चकबंदी अधिकारी फरीदपुर, औषधि निरीक्षक खाद्य सुरक्षा प्रशासन, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, बीईओ आलमपुर जाफराबाद, नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम, प्रधानाचार्य प्राविधिक शिक्षा, बाल विकास परियोजना अधिकारी रामनगर और सब-रजिस्ट्रार मीरगंज शामिल हैं.
26 अधिकारियों से मांगा गया स्पष्टीकरण
जिन अधिकारियों का संतुष्टि प्रतिशत 25 से 60 फीसदी के बीच रहा, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. इनमें सहायक आयुक्त खाद्य-2, जिला आबकारी अधिकारी, जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, कई तहसीलदार, परियोजना अधिकारी नेडा, प्रभारी चिकित्साधिकारी, चकबंदी अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक तथा पंचायत राज, बिजली, सिंचाई, कृषि, शिक्षा और विकास विभाग के कई अधिकारी शामिल हैं.
'सिर्फ कागजी निस्तारण नहीं चलेगा'
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी विभागाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक कार्रवाई दिखाकर शिकायत बंद करना स्वीकार नहीं किया जाएगा. शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी उतनी ही महत्वपूर्ण है.
भविष्य में होगी और कड़ी कार्रवाई
डीएम ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी विभाग का प्रदर्शन खराब मिला या शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही सामने आई, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ इससे भी कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी विभागों में जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
Also Read: पंखों से सुखाई जा रही एक्सप्रेसवे की सड़क, अखिलेश बोले- 'यही है भाजपाई तरक्की की नई हवा'
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










