UP में सीखो सिखाओ अवॉर्ड 2026 के आवेदन शुरू, शिक्षक समेत इन 5 श्रेणियों में मिलेगा सम्मान, जानें प्रक्रिया
शिक्षक समेत इन 5 श्रेणियों में मिलेगा सम्मान
UP News: उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों के लिए सम्मान पाने का एक अनूठा अवसर है. सीखो सिखाओ फाउंडेशन (SSF) 'सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स 2026' के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित कर रहा है. यह पुरस्कार प्रदेश के 75 जिलों में उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करेगा.
UP Teacher Awards: उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों के लिए सम्मान पाने का मौका है. राजधानी लखनऊ में सीखो सिखाओ फाउंडेशन (SSF) की ओर से ‘सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स 2026’ दिए जाएंगे. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 21 अगस्त 2026 से शुरू हो गई है. इच्छुक लोग 20 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. पुरस्कार प्रदेश के सभी 75 जिलों में उत्कृष्ट कार्यों को पहचान देने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं.
पांच श्रेणियों में दिए जाएंगे पुरस्कार
‘सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स 2026’ के तहत शिक्षक पुरस्कार, विद्यालय पुरस्कार, ग्राम पंचायत पुरस्कार, बीआरसी पुरस्कार और बालिका शिक्षा पुरस्कार दिए जाएंगे. इनमें पहली चार श्रेणियां सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली के प्रमुख स्तंभों में उत्कृष्ट कार्य को पहचानेंगी. वहीं, राज्य स्तरीय बालिका शिक्षा पुरस्कार ऐसे शिक्षक को दिया जाएगा, जो शिक्षित और सशक्त बालिका के दृष्टिकोण को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करता हो.
चार क्षेत्रों के आधार पर होगा मूल्यांकन
पुरस्कारों के लिए प्राप्त नामांकनों का मूल्यांकन उत्तर प्रदेश के चार भौगोलिक क्षेत्रों के आधार पर किया जाएगा. इनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और पूर्वांचल शामिल हैं. प्रत्येक क्षेत्र से हर श्रेणी में एक विजेता और एक उपविजेता चुना जाएगा. पुरस्कारों का एक उद्देश्य सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था में प्रभावी और अन्य जगहों पर लागू किए जा सकने वाले बेहतर प्रयोगों का दस्तावेजीकरण कर ‘स्टेट प्लेबुक’ तैयार करना भी है.
17 विजेता और 16 उपविजेता होंगे सम्मानित
राज्य स्तरीय बालिका शिक्षा पुरस्कार को मिलाकर पहले संस्करण में पूरे उत्तर प्रदेश से 17 विजेताओं और 16 उपविजेताओं को सम्मानित किया जाएगा. सीखो सिखाओ फाउंडेशन की संस्थापक अनुपमा डालमिया ने कहा कि शिक्षा में स्थायी बदलाव के लिए शिक्षक, अभिभावक, समुदाय और सरकारी व्यवस्थाओं का मिलकर काम करना जरूरी है. वहीं, डालमिया भारत फाउंडेशन के सीईओ अशोक गुप्ता ने ऐसी पहलों को सामुदायिक स्तर पर स्थायी प्रभाव पैदा करने वाला बताया.
20 सितंबर तक ऐसे करें आवेदन

‘सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स 2026’ के लिए आवेदन 21 अगस्त से 20 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन किए जा सकते हैं. इच्छुक आवेदक WWW.seekhosikhao.org पर जाकर अपना नामांकन जमा कर सकते हैं. पहले ‘सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स’ के विजेताओं की घोषणा 26 नवंबर 2026, संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ में आयोजित समारोह में की जाएगी.
Must Read: बाराबंकी में मौत बनकर आया डंपर, एक टक्कर से मचा कोहराम, चार लोगों की मौत, 8 साल की बच्ची गंभीर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए