रातों-रात हुआ अंतिम संस्कार, अलीगढ़ में युवती की हत्या का आरोप, पिता-मामा समेत 3 गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

हत्या के आरोप में पुलिस कार्रवाई का सांकेतिक चित्र (AI सांकेतिक तस्वीर)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

UP News: अलीगढ़ में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में हत्या का खुलासा हुआ है. युवती के प्रेमी की शिकायत पर पुलिस ने उसके पिता, मामा और एक रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है. परिजनों पर प्रेम प्रसंग से नाराज होकर हत्या कर शव जलाने का आरोप है, हालांकि पिता ने इसे आत्महत्या बताया है.

विज्ञापन

UP crime News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गोंडा थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत का मामला हत्या के आरोपों के बाद सुर्खियों में है. युवती के प्रेमी की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके पिता, मामा और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस का आरोप है कि प्रेम संबंध से नाराज परिजनों ने युवती की हत्या करने के बाद रातों-रात शव का अंतिम संस्कार कर दिया. हालांकि, युवती के पिता ने हत्या के आरोपों से इनकार करते हुए इसे आत्महत्या बताया है.

विज्ञापन

प्रेमी की शिकायत पर खुला मामला

पुलिस के अनुसार, गोंडा क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय हिमांशी और कस्बे के हर्षित वार्ष्णेय के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. हर्षित का आरोप है कि युवती के परिवार वाले इस रिश्ते का विरोध करते थे और उसके साथ मारपीट भी करते थे. शुक्रवार सुबह हर्षित ने पुलिस को सूचना दी कि हिमांशी की हत्या कर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

पिता, मामा समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

जांच के बाद पुलिस ने युवती के पिता अवधेश कुमार, मामा जितेंद्र कुमार और रिश्तेदार अनुराग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पिता ने हत्या के आरोपों से किया इनकार

गिरफ्तारी के बाद आरोपी पिता ने दावा किया कि उनकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी. उनका कहना है कि परिवार उसे तत्काल अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इसके बाद गांव में विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया. दूसरी ओर, पुलिस ने प्रेमी की शिकायत, प्रारंभिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है.

एसएसपी बोले- सभी पहलुओं की हो रही जांच

एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि प्रेमी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण और जांच की, जिसमें घटना की पुष्टि होने पर युवती के परिजनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है और पूरे मामले की हर पहलू से जांच जारी है.

Also Read: अलीगढ़ के 10 गांवों में जमीन की खरीद-बिक्री और नामांतरण पर रोक, जानिए वजह


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola