UP के युवाओं के लिए खुशखबरी! CM योगी ने किया ‘यूथ ब्रिगेड स्कीम’ का ऐलान, जानिएं कैसे मिलेंगे लाभ

Updated:
विज्ञापन

यूथ ब्रिगेड स्कीम की घोषणा करते सीएम योगी

UP Government Scheme: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए 'यूथ ब्रिगेड स्कीम' का ऐलान किया है. इस योजना का उद्देश्य युवाओं को रोजगार और व्यापार के क्षेत्र में सशक्त बनाना है. जानें कैसे युवा इस पहल से लाभान्वित हो सकते हैं.

विज्ञापन

UP Government Scheme: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बड़ी घोषणा की है. 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने ‘यूथ ब्रिगेड स्कीम’ यानी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान शुरू करने का ऐलान किया. इस पहल का मकसद प्रदेश के युवाओं को रोजगार और व्यापार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मजबूत सहयोग देना है.

युवाओं को रोजगार और कारोबार में मिलेगा समर्थन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार और व्यापार के क्षेत्र में बड़ा समर्थन देने के लिए यह नई पहल शुरू कर रही है. ‘यूथ ब्रिगेड स्कीम’ के जरिए युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा. मुख्यमंत्री की इस घोषणा को प्रदेश की युवा आबादी के लिए रोजगार और कारोबार के नए अवसरों से जोड़कर देखा जा रहा है.

आजादी के नायकों को CM योगी ने किया याद

स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में मुख्यमंत्री ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को भी याद किया. उन्होंने मंगल पांडे, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, बहादुर अवंती बाई और झलकारी बाई कोरी के योगदान का उल्लेख किया. सीएम योगी ने कहा कि इन महान हस्तियों के बलिदान की वजह से ही आज देशवासी आजादी का आनंद ले रहे हैं.

शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने यूपी पुलिस टास्क फोर्स के दिवंगत इंस्पेक्टर सुनील कुमार को भी श्रद्धांजलि दी. उन्होंने बताया कि इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने शामली में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान आमने-सामने की मुठभेड़ में सर्वोच्च बलिदान दिया था. उनकी बहादुरी के लिए उन्हें मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री ने उनके साहस को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की.

आजादी के साथ देश ने बंटवारे की त्रासदी भी देखी

अपने संबोधन में सीएम योगी ने देश के विभाजन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आजादी के साथ देश को बंटवारे की त्रासदी से भी गुजरना पड़ा. इसके बाद गरीबी, छुआछूत और तुष्टीकरण की राजनीति जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा. मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने इन चुनौतियों से निपटने की दिशा में काम शुरू किया है.

देश की आजादी की रक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की आजादी की रक्षा किसी एक व्यक्ति, समुदाय या जाति की जिम्मेदारी नहीं हो सकती. यह सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने देश के सभी 140 करोड़ नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्र में योगदान देने की अपील की, ताकि आजादी के व्यापक लक्ष्यों को हासिल किया जा सके.

आजादी का दिन सिर्फ समारोह नहीं, कर्तव्य याद करने का मौका

सीएम योगी ने कहा कि देश ने आजादी के 79 वर्ष पूरे कर लिए हैं. स्वतंत्रता दिवस केवल एक समारोह तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक को अपने कर्तव्यों और आजादी के व्यापक उद्देश्यों की याद दिलाने का अवसर है. उन्होंने कहा कि अगर देश की आजादी को लंबे समय तक सुरक्षित रखना है तो हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और अपने क्षेत्र में योगदान देना होगा.

यही भी पढ़ें: वाराणसी एयरपोर्ट पर हथियार चेकिंग के दौरान फायरिंग, दो महिला सुरक्षा कर्मी घायल


विज्ञापन
लक्की कुमारी

लेखक के बारे में

By लक्की कुमारी

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola