मुस्लिम होकर सनातन में आस्था रखते हैं मोहम्मद मुजाहिद, मन्नत पूरी हुई तो कांवड़ियों संग गंगाजल लेने निकले, करेंगे जलाभिषेक
कांवड़ियों संग गंगाजल लेने निकले मोहम्मद मुजाहिद
सावन के तीसरे सोमवार पर शिवभक्ति का रंग चढ़ा है. संभल जिले से मुस्लिम युवक मोहम्मद मुजाहिद कांवड़ियों के साथ गंगाजल लेने निकले हैं. उन्होंने सनातन धर्म में अपनी आस्था और मन्नत पूरी होने पर जलाभिषेक करने का संकल्प लिया है.
UP News : सावन माह में शिवभक्ति का रंग हर ओर देखने को मिल रहा है. सावन के तीसरे सोमवार को भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों के जत्थे गंगाजल लेने रवाना हो रहे हैं. इसी बीच संभल जिले के गांव देहली से निकला कांवड़ियों का एक जत्था खास चर्चा में आ गया. वजह थी इस जत्थे में शामिल मुस्लिम युवक मोहम्मद मुजाहिद.
टोपी पहनकर कांवड़ियों के साथ निकले मुजाहिद
शनिवार को गांव देहली से करीब 20 से 30 कांवड़ियों का जत्था गंगाजल लेने के लिए रवाना हुआ. इसी जत्थे में मोहम्मद मुजाहिद भी शामिल हुए. वह टोपी पहनकर कांवड़ियों के साथ गंगा जल लेने के लिए निकले. रास्ते में जब लोगों की नजर उन पर पड़ी तो यह दृश्य चर्चा का विषय बन गया.
बोले- भोलेनाथ में आस्था, मन्नत पूरी होने पर लिया था संकल्प
मोहम्मद मुजाहिद ने बताया कि वह सनातन धर्म में आस्था रखते हैं और भगवान भोलेनाथ के भक्त हैं. उन्होंने बताया कि उनकी एक मन्नत थी, जो पूरी हो गई. मन्नत पूरी होने के बाद उन्होंने गंगाजल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने का संकल्प लिया था. इसी संकल्प को पूरा करने के लिए वह गांव के कांवड़ियों के साथ गंगाजल लेने निकले हैं.
चंदौसी चौराहे पर दिखा उत्साह, लोगों ने किया स्वागत
गांव से करीब 10-12 किलोमीटर की यात्रा पूरी करने के बाद कांवड़ियों का जत्था संभल के चंदौसी चौराहे पर पहुंचा. यहां करीब आधे घंटे तक उत्साह और जश्न का माहौल रहा. इसके बाद कांवड़ियों का जत्था अपनी आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गया.
17 अगस्त को गांव पहुंचकर करेंगे जलाभिषेक
बताया गया कि जत्थे में करीब 20-30 कांवड़िए शामिल हैं, जो डाक कांवड़ लेने गए हैं. यात्रा पूरी करने के बाद ये कांवड़िए 17 अगस्त, सोमवार को गांव देहली पहुंचेंगे. इसके बाद भगवान भोलेनाथ का गंगाजल से जलाभिषेक किया जाएगा.
इससे पहले तमन्ना मलिक भी ला चुकी हैं गंगाजल
संभल में इससे पहले भी ऐसा मामला सामने आ चुका है. संभल की तमन्ना मलिक अपने पति के साथ गंगाजल लेकर आ चुकी हैं. इस बार मोहम्मद मुजाहिद के कांवड़ियों के जत्थे में शामिल होने की तस्वीरें और उनका संकल्प लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










