मुझे मार डालेंगे, मां से आखिरी गुहार, यूपी के युवक की प्रेम-प्रसंग में पीट-पीटकर हत्या
मृतक शिवप्रसाद का घर
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में एक युवक की प्रेम-प्रसंग के चलते बेरहमी से हत्या कर दी गई. देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को परिजनों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना में प्रेमिका गंभीर रूप से घायल हो गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है. मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के महुआ खाड़ा गांव में 19 वर्षीय युवक की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसकी 16 वर्षीय प्रेमिका गंभीर रूप से घायल हो गई. परिजनों का आरोप है कि युवती के परिवार ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ने के बाद बेरहमी से पीटा. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.
रात में प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक
जानकारी के अनुसार, मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी शिव प्रसाद का महुआ खाड़ा गांव की 16 वर्षीय किशोरी से करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध था. गुरुवार को वह सैनी थाना क्षेत्र के चीनी गांव स्थित अपनी मौसी के घर गया था. वहां से 50 हजार रुपये लेकर लौटते समय वह रात करीब 10 बजे चोरी-छिपे अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया. इसी दौरान युवती के परिजनों को इसकी भनक लग गई और घर में विवाद शुरू हो गया.
मां को किया आखिरी फोन, कहा मुझे बचा लो
मृतक की मां पुनीती देवी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे शिव प्रसाद का फोन आया. उसने घबराई हुई आवाज में कहा- मां बचा लो, ये लोग मुझे मार डालेंगे. इसके कुछ ही क्षण बाद फोन कट गया. इसके बाद परिजन तुरंत महुआ खाड़ा गांव पहुंचे.
सड़क किनारे घायल मिले दोनों
परिजनों के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे शिव प्रसाद गांव में एक रिश्तेदार के घर के बाहर सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला. वहीं उसकी प्रेमिका भी खून से लथपथ पड़ी थी. दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया. इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे डॉक्टरों ने शिव प्रसाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि किशोरी का इलाज जारी है.
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवती के परिजनों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ने के बाद लाठी-डंडों और अन्य वस्तुओं से बेरहमी से पीटा. उनका कहना है कि हमले में शिव प्रसाद के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि किशोरी भी मारपीट में घायल हो गई. मृतक की मां पुनीती देवी ने आरोप लगाया है कि राकेश राजपूत, उसके बेटे सचिन और दुर्गेश तथा राकेश की पत्नी गेदियां ने मिलकर उनके बेटे की पीट-पीटकर हत्या की.
घटना के बाद आरोपी परिवार फरार
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो युवती के पिता राकेश राजपूत समेत परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार मिले. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है.
बड़े भाई ने दर्ज कराई शिकायत
शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे मृतक के बड़े भाई गुरु प्रसाद ने मंझनपुर कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी. उन्होंने बताया कि शिव प्रसाद अपनी मौसी के घर से पैसे लेकर लौट रहा था और शाम को फोन कर घर आने की जानकारी भी दी थी. रात में मां के पास आए फोन के बाद परिवार को घटना का पता चला. उनका आरोप है कि उनके भाई की हत्या की गई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी सुनील सिंह, सीओ सदर शिवांक सिंह और पुलिस बल मौके पर पहुंचा. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी एकत्र कर रही है.
खेती-किसानी करता था शिव प्रसाद
शिव प्रसाद अपने पिता रामबदन के साथ खेती-किसानी करता था. परिवार में उसकी मां पुनीती देवी समेत अन्य सदस्य हैं. वहीं घायल किशोरी दो भाइयों की इकलौती बहन है और वह आठवीं तक पढ़ी है.
सीओ बोले- प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा
सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक और किशोरी के बीच प्रेम संबंध था. देर रात युवक के वहां पहुंचने के बाद विवाद हुआ और उसके साथ मारपीट की गई. गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि किशोरी का उपचार जारी है. उन्होंने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
-कोमल अग्रवाल की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए