कोख में पल रहे बच्चे पर भी नहीं आया तरस, हरदोई में हैवान बने पति ने डंडों से पीट-पीटकर ली गर्भवती पत्नी की जान
पति ने डंडों से पीट-पीटकर ली गर्भवती पत्नी की जान
UP Crime: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक पति ने अपनी 7 महीने की गर्भवती पत्नी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी. बीच-बचाव करने आई सास से भी मारपीट की गई.
UP Crime: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक सनसनीखेज और दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. यहाँ मामूली कहासुनी के बाद हैवान बने पति ने अपनी 7 महीने की गर्भवती पत्नी पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. बीच-बचाव करने आई अपनी बुजुर्ग माँ को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है.
सात महीने की गर्भवती थी किरन, एक साल की बेटी भी
घटना जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के म्योरा गांव की है. गांव निवासी प्रेमा के तीन बेटे हैं, जिनके नाम विशाल (26), आकाश और विकास हैं. आकाश और विकास गुजरात में रहते हैं, जबकि विशाल गांव में रहकर काम करता है. विशाल की शादी करीब तीन साल पहले किरन (24) से हुई थी. किरन करीब सात महीने की गर्भवती थी और उसकी एक साल की बेटी भी है. मंगलवार शाम करीब चार बजे विशाल और किरन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विशाल ने किरन को डंडे से पीटना शुरू कर दिया. उस समय घर में आरोपी और उसकी पत्नी के अलावा कोई नहीं था. किरन की सास प्रेमा उसे बचाने पहुंचीं तो विशाल ने उनके साथ भी डंडे से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया.
पड़ोसियों ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मारपीट की जानकारी मिलने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी. गंभीर रूप से घायल किरन को एंबुलेंस से बिलग्राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद आरोपी विशाल मौके से भाग गया था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. मृतका के मायके वालों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है.
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया
पुलिस घटना के पीछे की वजह समेत मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. आरोपी पति विशाल की तलाश कर उसे हिरासत में ले लिया गया है. कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई थी. आरोपी पति को तलाश कर हिरासत में लिया गया है. परिजनों की ओर से मिली शिकायत और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए