UP में फिर खिलेगा ‘कमल’ या अखिलेश करेंगे बड़ा उलटफेर? Vote Vibe सर्वे में BJP-सपा के बीच सिर्फ 0.1% का फासला
यूपी में फिर खिलेगा कमल या अखिलेश पलटेंगे बाजी?
UP Election 2027: Vote Vibe के ताज़ा सर्वे के अनुसार, 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी गठबंधन और सपा गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है. जहां वोट देने की पसंद में बीजेपी आगे है, वहीं चुनाव जीतने की संभावनाओं में दोनों लगभग बराबरी पर हैं. जानें CM की पसंद और मतदाताओं की राय.
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से मुकाबला तेज हो गया है. इसी बीच Vote Vibe के ताजा Opinion Poll ने सियासी तस्वीर को दिलचस्प बना दिया है. सर्वे के मुताबिक वोट देने की पसंद में बीजेपी के नेतृत्व वाला गठबंधन फिलहाल आगे दिखाई दे रहा है, लेकिन जब जनता से पूछा गया कि चुनाव कौन जीतेगा, तो मुकाबला लगभग बराबरी का नजर आया. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यूपी में एक बार फिर ‘कमल’ खिलेगा या अखिलेश यादव विपक्ष का खेल पलट देंगे?
वोट शेयर में BJP गठबंधन आगे
Vote Vibe के 25 अगस्त 2026 के सर्वे में लोगों से पूछा गया कि वे 2027 विधानसभा चुनाव में किस पार्टी या गठबंधन को वोट देंगे. इसके जवाब में 41.8 फीसदी लोगों ने बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन को चुना. वहीं 38.7 फीसदी लोगों ने समाजवादी पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन के पक्ष में राय दी. सर्वे में 5.2 फीसदी लोगों ने बसपा का समर्थन किया, जबकि 4 फीसदी ने अन्य दलों का विकल्प चुना. करीब 10.3 फीसदी लोग अभी अपना फैसला नहीं बता सके. यानी वोट देने की पसंद के सवाल में NDA को सपा गठबंधन पर 3.1 प्रतिशत अंक की बढ़त मिली है. लेकिन यही तस्वीर तब बदलती दिखाई देती है, जब सवाल सरकार बनाने की संभावना को लेकर पूछा गया.
‘कौन जीतेगा?’ सवाल पर अखिलेश की बढ़त!
Vote Vibe के सर्वे में जब लोगों से पूछा गया कि 2027 का विधानसभा चुनाव कौन जीत सकता है, तो नतीजे बेहद करीबी रहे. 41.2 फीसदी लोगों ने समाजवादी पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन के जीतने की संभावना जताई, जबकि 41.1 फीसदी ने बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA को विजेता बताया. यानी इस सवाल पर दोनों गठबंधनों के बीच महज 0.1 प्रतिशत अंक का अंतर रहा. यह आंकड़ा बताता है कि जनता के एक हिस्से के बीच बीजेपी और सपा के बीच मुकाबले को बेहद कांटे का माना जा रहा है.
CM की पसंद में योगी आगे, अखिलेश दूसरे नंबर पर
मुख्यमंत्री पद की पसंद के सवाल पर हालांकि तस्वीर बीजेपी के लिए ज्यादा मजबूत दिखाई देती है. सर्वे में 43.4 फीसदी लोगों ने योगी आदित्यनाथ को अगला मुख्यमंत्री देखने की इच्छा जताई. वहीं 35.5 फीसदी लोगों की पसंद अखिलेश यादव रहे. मायावती को 5.9 फीसदी और प्रियंका गांधी को 3 फीसदी लोगों ने मुख्यमंत्री की पसंद बताया. करीब 6 फीसदी लोगों ने अन्य विकल्प चुना, जबकि 6.3 फीसदी लोग इस सवाल पर कुछ कह नहीं सके.
अभी भी बड़ा वोट बैंक अनिर्णय में
सर्वे का एक और अहम पहलू यह है कि चुनाव से काफी पहले ही बड़ी संख्या में मतदाता अपना रुख तय कर चुके हैं, लेकिन एक हिस्सा अभी भी असमंजस में है. रिपोर्ट के अनुसार 64.4 फीसदी लोगों ने कहा कि उन्होंने अपना वोट तय कर लिया है. वहीं बाकी मतदाताओं में अंतिम फैसला नहीं करने या अभी कुछ नहीं कहने वालों की संख्या भी महत्वपूर्ण है.
असली लड़ाई 2027 में सीटों की होगी
इन आंकड़ों को सीधे विधानसभा सीटों में बदलना सही नहीं होगा. सर्वे वोट शेयर और जनता की धारणा का संकेत देता है, जबकि विधानसभा चुनाव में क्षेत्रवार समीकरण, उम्मीदवार, जातीय समीकरण, गठबंधन, स्थानीय मुद्दे और मतदान प्रतिशत जैसे कई कारक सीटों का परिणाम बदल सकते हैं. इसलिए फिलहाल Vote Vibe का सर्वे इतना जरूर संकेत देता है कि BJP गठबंधन वोट पसंद में मामूली बढ़त पर है, योगी CM की पसंद में आगे हैं, लेकिन चुनाव जीतने की धारणा में BJP और सपा गठबंधन लगभग बराबरी पर खड़े हैं. यही आंकड़ा 2027 की यूपी की लड़ाई को दिलचस्प बनाता है.
Vote Vibe की आधिकारिक रिपोर्ट
Vote Vibe की वेबसाइट पर “Assembly Elections – 2027 Opinion Poll – Tracker 1” नाम से 25 अगस्त 2026 की रिपोर्ट उपलब्ध है. यह 20 पेज की रिपोर्ट है और इसमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड तथा पंजाब से जुड़े सर्वे आंकड़े शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: कुशवाहा-सैनी-मौर्य-शाक्य सवाल न करें! वायरल वीडियो ने मचाया बवाल, अखिलेश के PDA फॉर्मूले पर उठे बड़े सवाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए