'गोल्डन कार' का पर्दाफाश! गियर के नीचे छुपाकर ले जा रहे थे 4 करोड़ का सोना, चंदौली पुलिस ने दबोचे तस्कर

Updated:
विज्ञापन

चंदौली सोना तस्करी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

UP Gold Smuggling: चंदौली पुलिस ने लग्जरी कार में छुपाकर ले जाया जा रहा करीब 4 करोड़ रुपये का अवैध सोना जब्त किया है. तस्करों ने कार के गियर बॉक्स के नीचे एक गुप्त केबिन बनाया था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से पकड़े गए.

विज्ञापन

UP Gold Smuggling: चंदौली में कस्टम और आयकर विभाग को चकमा देकर बिहार के रास्ते दिल्ली पहुंचाया जा रहा करीब 4 करोड़ रुपये का अवैध सोना पुलिस के हत्थे चढ़ गया. स्वाट, एसओजी और सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर घेराबंदी कर एक लग्जरी कार से 2.5 किलो से अधिक सोना बरामद किया है. तस्करों ने इस सोने को पकड़े जाने से बचाने के लिए कार के गियर बॉक्स के नीचे एक खास गुप्त केबिन बना रखा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे उनकी यह चालाकी धरी की धरी रह गई.

विज्ञापन

नवही पुलिया हाईवे पर पुलिस ने कार को रोका

बड़े अफसरों के निर्देश पर सदर थाना प्रभारी बिंदेश्वर पांडेय और स्वाट/एसओजी प्रभारी राम जन्म यादव की अगुवाई में पुलिस टीम नवही पुलिया हाईवे पर वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान बिहार की तरफ से आ रही सफेद रंग की किआ कैरेंस कार (HR22W2830) पर पुलिस की नजर पड़ी. टीम ने कार को रोकने की कोशिश की तो चालक ने गाड़ी भगाकर निकलने का प्रयास किया. हालांकि, पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया. पूछताछ में चालक ने अपना नाम जुबेर मुबारक शेख, निवासी सांगली, महाराष्ट्र बताया. उसके साथ कार में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम मनीष कुमार, निवासी फतेहाबाद, हरियाणा बताया. पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे कार में बने गुप्त बॉक्स में सोना छिपाकर दिल्ली ले जा रहे थे.

गियर बॉक्स के नीचे मिले सोने की दो सिल्लियां

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गियर बॉक्स के नीचे बने बॉक्स को खोला. इसके अंदर कपड़े के लंबे बेल्ट में सेलो टेप से लिपटी सोने की दो सिल्लियां बरामद हुईं. दोनों आरोपी सोने से संबंधित कोई सही कागजात पुलिस को नहीं दिखा सके. सूचना मिलने पर आयकर विभाग और राजस्व खुफिया विभाग के अधिकारी सरकारी मूल्यांकनकर्ता के साथ मौके पर पहुंचे. जांच और वजन करने पर बरामद सोने का कुल वजन 2 किलो 565.720 ग्राम पाया गया. इसकी कीमत करीब 3.92 करोड़ रुपये बताई गई है. आयकर विभाग की शुरुआती जांच में सोने को विदेशी सोना बताया गया है.

राजस्व खुफिया विभाग को सौंपा गया सोना

पुलिस ने बरामद सोने को नियमानुसार राजस्व खुफिया विभाग को सौंप दिया है. मामले में पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस और संबंधित विभाग अब सोने से जुड़े दस्तावेजों और पूरे मामले की आगे की जांच कर रहे हैं.

Must Read- कोख में पल रहे बच्चे पर भी नहीं आया तरस, हरदोई में हैवान बने पति ने डंडों से पीट-पीटकर ली गर्भवती पत्नी की जान

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola