हाथों की मेहंदी भी नहीं सूखी थी, सिद्धार्थनगर में शादी के 18 घंटे बाद मिले दूल्हा-दुल्हन के शव, आखिर बंद कमरे में क्या हुआ?

Updated:
विज्ञापन

देशराज चौहान और अनीता चौहान

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सिद्धार्थनगर में शादी के कुछ घंटों बाद ही दूल्हा-दुल्हन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. नई नवेली दुल्हन कमरे में मिली, दूल्हा फंदे से लटका.

विज्ञापन

Siddharthnagar Husband Wife Death: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में शादी की खुशियाँ उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब शादी के चंद घंटों बाद ही दूल्हा-दुल्हन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. नई-नवेली दुल्हन अपने कमरे में फर्श पर पड़ी मिली, जबकि दूल्हा फांसी के फंदे से लटका मिला. रात 11 बजे तक जश्न में डूबे परिवार में सुबह होते ही कोहराम मच गया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

विज्ञापन

मई 2027 में तय थी शादी, अचानक लिया गया विवाह का फैसला

देशराज जनियाजोत गांव का रहने वाला था, जबकि अनीता कड़जहवा गांव की निवासी थी. दोनों गांवों के बीच करीब 15 किलोमीटर की दूरी है. करीब तीन महीने पहले दोनों परिवारों ने उनका रिश्ता तय किया था और मई 2027 में शादी की तारीख रखी गई थी. जुलाई में दोनों की सगाई भी हो चुकी थी. देशराज दिल्ली में पानीपुरी की दुकान पर काम करता था और फोन पर अनीता से बातचीत करता था. करीब 15 दिन पहले वह दिल्ली से घर लौटा था. इसी दौरान अनीता भी अचानक उसके घर पहुंच गई, जिसके बाद दोनों परिवारों ने तत्काल शादी करने का फैसला किया.

रात 11 बजे तक चला जश्न, सुबह कमरे में मिली दोनों की लाश

सोमवार 21 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे बांसी के टेकधर बाबा मंदिर में दोनों ने सात फेरे लिए. शादी के बाद देशराज अपनी पत्नी अनीता को लेकर घर पहुंचा. शाम को नाते-रिश्तेदारों और पट्टीदारों के लिए बहुभोज का आयोजन हुआ, जो रात करीब 11 बजे तक चला. इस दौरान डीजे पर दूल्हा-दुल्हन ने डांस भी किया. इसके बाद परिवार के लोग सोने चले गए. मंगलवार सुबह करीब 7 बजे देशराज की मौसी मीनाक्षी अनीता को जगाने पहुंचीं. बाहर से आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला. दरवाजा खटखटाने पर वह खुल गया. अंदर दोनों के शव देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और दूल्हे के शव को फंदे से नीचे उतारा.

पुलिस बोली- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी स्थिति

देशराज के पिता मुकेश चौहान और मां ममता हैं. मुकेश दिल्ली में सब्जी बेचते हैं और शादी के चलते कुछ दिनों से घर पर थे. देशराज का एक छोटा भाई अरुण और छोटी बहन कुच्ची है. परिवार दो मंजिला मकान में रहता है. वहीं अनीता के पिता पंचराम खेती-किसानी करते हैं. पुलिस को शुरुआती तौर पर आशंका है कि रात में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ होगा, जिसके बाद पति ने पत्नी की हत्या कर खुदकुशी कर ली. हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है. सीओ शिवेंदु सिंह ने बताया कि शादी के बाद पति-पत्नी के शव मिले हैं. जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं होगा. मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Must Read- लोहिया संस्थान में नवजात के शव का मामला गरमाया, 200 सफाईकर्मी हड़ताल पर, प्रशासनिक भवन के बाहर प्रदर्शन

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola