लोहिया संस्थान में नवजात के शव का मामला गरमाया, 200 सफाईकर्मी हड़ताल पर, प्रशासनिक भवन के बाहर प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन

सफाईकर्मियों की हड़ताल

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

लोहिया संस्थान में नवजात का शव मिलने की सूचना देने पर सफाई कर्मियों की पिटाई का गंभीर आरोप लगा है. 200 कर्मी हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे व्यवस्था ठप होने की आशंका है.

विज्ञापन

Lucknow News: डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में नवजात का शव मिलने की दुखद घटना ने अब एक बड़े विवाद का रूप ले लिया है. आरोप है कि टॉयलेट में मिले नवजात की सूचना देने वाले सफाई कर्मियों की सुरक्षा कर्मियों ने एक कमरे में बंद करके पिटाई कर दी. इस अमानवीय घटना के विरोध में मंगलवार को करीब 200 सफाई कर्मी हड़ताल पर चले गए और प्रशासनिक भवन के सामने जमकर प्रदर्शन किया. अस्पताल की सफाई व्यवस्था ठप होने की कगार पर है और मौके पर पुलिस बुलाई गई है.

विज्ञापन

नवजात का शव मिलने की सूचना देने पर पिटाई का आरोप

मामला संस्थान की इमरजेंसी के ट्राएज क्षेत्र स्थित टॉयलेट में सोमवार सुबह नवजात का शव मिलने से जुड़ा है. सफाई के दौरान कर्मचारियों की नजर नवजात के शव पर पड़ी थी, जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी संस्थान के अधिकारियों को दी. आरोप है कि अधिकारियों को सूचना देने के बाद सुरक्षा कर्मियों ने दो सफाई कर्मियों को पीटा. सफाई कर्मियों का आरोप है कि सुरक्षा अधिकारी की मौजूदगी में दोनों को एक कमरे में बंद कर उनके साथ मारपीट की गई.

सुरक्षा कर्मियों पर कार्रवाई की मांग

प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मियों ने कथित मारपीट की घटना को लेकर जिम्मेदार सुरक्षा अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ कड़ी कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है. सफाई कर्मियों का कहना है कि घटना के बाद से उनमें आक्रोश है. इसी के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में कर्मचारी प्रशासनिक भवन के सामने पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे हैं.

काम बंद होने से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका

करीब 200 सफाई कर्मियों के हड़ताल पर जाने से संस्थान के भीतर सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है. प्रदर्शन के दौरान स्थिति को संभालने और सफाई कर्मियों को समझाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर मौजूद है. पुलिस और डॉक्टर भी कर्मचारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं.

सोमवार को टॉयलेट में मिला था नवजात का शव

बता दें कि सोमवार सुबह लोहिया संस्थान की इमरजेंसी के ट्राएज क्षेत्र स्थित टॉयलेट में नवजात का शव मिला था. सूचना मिलने के बाद डॉक्टर और संस्थान के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की थी. नवजात को टॉयलेट में किसने और कब छोड़ा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह भी जांच कर रही है कि नवजात का जन्म संस्थान में हुआ था या उसे बाहर से लाकर वहां छोड़ा गया. मौत के कारण और समय का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा.

Must Read- 'जब तक पूरा न्याय नहीं मिलता, हाईकोर्ट जाऊंगी' विवेक तिवारी हत्याकांड में सिपाही को 10 साल की सजा पर भड़कीं पत्नी

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola