सहारनपुर में दलित के घर पहुंचे BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, परिवार के साथ खाया खाना, रविदास मंदिर में की पूजा
नितिन नवीन, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष
BJP अध्यक्ष नबीन ने सहारनपुर में दलित कार्यकर्ता के घर पहुंचकर परिवार संग भोजन किया और रविदास मंदिर में की पूजा-अर्चना. 2027 चुनाव की तैयारियों पर चर्चा.
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मंगलवार को सहारनपुर पहुंचे. अपने दौरे के दौरान उन्होंने पार्टी के दलित कार्यकर्ता और बूथ अध्यक्ष अजब सिंह के घर पहुंचकर परिवार के साथ खाना खाया . नबीन करीब 25 मिनट तक अजब सिंह के घर पर रुके . इस दौरान उनके साथ यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे.
दलित कार्यकर्ता के घर परिवार के साथ खाया खाना
नितिन नबीन सहारनपुर के ओजपुरा में भाजपा कार्यकर्ता अजब सिंह के घर पहुंचे. यहां उन्होंने अजब सिंह और उनके परिवार के साथ बैठकर खाना खाया. रिपोर्ट के मुताबिक, भोजन में दाल, रोटी, पुलाव, आलू की सब्जी, रायता और आइसक्रीम शामिल थी. नबीन के घर पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उनका स्वागत किया. भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ता और उनके परिवार से बातचीत भी की. पार्टी की ओर से इस कार्यक्रम को कार्यकर्ताओं से सीधे जुड़ने और सामाजिक संपर्क बढ़ाने के तौर पर देखा जा रहा है.
रविदास मंदिर में की पूजा-अर्चना
अजब सिंह के घर भोजन करने के बाद नितिन नबीन रविदास मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने पूजा-अर्चना की. सहारनपुर दौरे के दौरान दलित कार्यकर्ता के घर भोजन और रविदास मंदिर में पूजा उनके कार्यक्रम का अहम हिस्सा रहा.
2027 चुनाव की तैयारियों पर नेताओं के साथ बैठक
नितिन नबीन ने सहारनपुर में पार्टी के पुराने और मौजूदा नेताओं के साथ बैठक भी की. इसमें पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री और पूर्व एमएलसी शामिल हुए. बैठक में संगठन की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई.इसके बाद उन्होंने पश्चिम क्षेत्र के पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों के साथ भी बैठक की. इसमें संगठन से जुड़े मुद्दों और बूथ स्तर पर पार्टी की तैयारियों को लेकर बातचीत हुई.
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
भाजपा के लिए सहारनपुर पश्चिमी उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण क्षेत्र है. नबीन के दौरे में स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से सीधे फीडबैक लेने पर जोर रहा. बैठकों के जरिए उन्होंने संगठन की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और कार्यकर्ताओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की. 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का संगठनात्मक दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब पार्टी प्रदेश में बूथ स्तर तक अपनी तैयारियों को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क बढ़ाने पर जोर दे रही है.
Also Read : क्या यही है बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा ? जमुई की घटना पर मोहम्मद जुनैद ने उठाए सवाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए