UP में आज मानसून का जोरदार कमबैक, 40 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई जगह वज्रपात की भी चेतावनी
सांकेतिक तस्वीर
UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून की जोरदार वापसी हुई है. मौसम विभाग ने प्रदेश के 40 जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. इस बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी.
UP Weather: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून पूरी रफ्तार में लौट आया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को प्रदेश के करीब 40 जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी.
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के साथ-साथ कई पश्चिमी जिलों में भी तेज बारिश की संभावना जताई है. राजधानी लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर, बस्ती, संतकबीरनगर, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ समेत करीब 40 जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
वज्रपात और तेज हवाओं से रहें सतर्क
आईएमडी ने बारिश के दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका जताई है. लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है.
तापमान में आएगी गिरावट
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है. इससे पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी.
किसानों के लिए राहत की खबर
मौसम विभाग का कहना है कि सक्रिय मानसून से धान, मक्का, गन्ना और अन्य खरीफ फसलों को फायदा मिलेगा. हालांकि जिन क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश हो सकती है, वहां जलभराव की स्थिति बनने की आशंका भी है, इसलिए किसानों को खेतों की निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें: जौहर यूनिवर्सिटी को फिलहाल राहत: 38 भवनों पर बुलडोजर कार्रवाई टली, अब 10 अगस्त को होगी अगली सुनवाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए